राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी की नेता स्वाति मालीवाल के संबंध अपनी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से इन दिनों अच्छे नहीं हैं, लेकिन एक समय दोनों के रिश्ते काफी अच्छे थे। इसका खुलासा खुद स्वाति मालिवाल ने ही किया है। उन्होंने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर एक पुरानी तस्वीर शेयर कर उसके नीचे लिखा, “वर्ष 2007 की तस्वीर है, कॉलेज ख़त्म कर नौकरी त्यागी, अपना सारा करियर समाज सेवा को समर्पित किया। उस समय ना पार्टी थी, ना कोई सरकार। गरीब लोगों के काम करवाते थे, बहुत ख़ुशी मिलती थी। वो वक़्त बहुत अच्छा था।”

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं स्वाति मालीवाल

तस्वीर उनके कॉलेज के दिनों की है। उसमें वे और अरविंद केजरीवाल साथ-साथ खड़े हैं। स्वाति मालीवाल और अरविंद केजरीवाल राजनीति में आने से पहले लंबे समय तक समाजसेवा में जुड़े रहे। बाद में अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे आंदोलन से जुड़े, आम आदमी पार्टी बनाई और दिल्ली में विधानसभा चुनाव लड़ा। उन्होंने अपनी सरकार बनाई। स्वाति मालीवाल दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बनी और महिलाओं की सुरक्षा समेत कई मुद्दों को लेकर चर्चा में रहीं।

स्वाति मालीवाल आम आदमी पार्टी की सदस्य बनकर राज्यसभा में पहुंची, तब तक सब कुछ सही था। इस बीच उनका अरविंद केजरीवाल से एक विवाद की वजह से संबंध खराब हो गया। इसके बाद से दोनों नेताओं के रास्ते अलग हो गये। स्वाति मालीवाल सांसद हैं और अब भी अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी की सदस्य हैं।

गुरुवार को स्वाति मालीवाल ने अपनी पुरानी तस्वीर शेयर करके अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा कि वे दिन काफी अच्छे थे। हालांकि अब वे अलग-अलग हैं। विवाद इतना ज्यादा हो गया है कि वे एक-दूसरे के खिलाफ अक्सर बयान देते रहते हैं।

उधर, पंजाब की भगवंत मान सरकार में हाल ही में कैबिनेट में फेरबदल हुआ था। इसके बाद आरोप लग रहे हैं कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल राज्य प्रशासन के कामकाज में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं और सीएम भगवंत मान को दरकिनार कर रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में सीएम के चीफ एडवाइजर की नियुक्ति की शर्तों को मंजूरी देने के कैबिनेट के कदम ने भी अटकलों को हवा दी कि केजरीवाल चाहते थे कि उनके करीबी बिभव कुमार को इस पद पर नियुक्त किया जाए। इतना ही नहीं वह यह भी चाहते थे कि वह उनके और पंजाब सरकार के बीच में संपर्क सूत्र के तौर पर काम करें। बिभव कुमार पर आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट का आरोप है और वह जमानत पर बाहर है।