Sushma Swaraj Death News: सुषमा स्वराज को बीजेपी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी का उत्तराधिकारी माना जाता था। उनका कद उस वक्त बढ़ गया था, जब उन्होंने कर्नाटक की बेल्लारी सीट से यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह उस चुनाव में हार गई थीं। उस दौरान सुषमा स्वराज ने कहा था कि अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं तो मैं अपना सिर मुंडवा लूंगी।

दरअसल, मामला 1996 से शुरू होता है। सुषमा स्वराज ने दक्षिणी दिल्ली की लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। वह उस वक्त की वाजपेयी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनी थीं। 1998 के दौरान 12वीं लोकसभा में वह दोबारा जीतीं और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय दोबारा संभाला। इसके बाद सुषमा स्वराज ने केंद्रीय कैबिनेट को छोड़ दिया और अक्टूबर से दिसंबर 1998 तक दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। हालांकि, दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद वह राष्ट्रीय राजनीति में लौट गईं।

सुषमा स्वराज से संबंधित हर खबर पढ़ें सिर्फ एक क्लिक पर

1999 में सुषमा स्वराज उस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं, जब उन्होंने कर्नाटक की बेल्लारी सीट पर कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। हालांकि, उस चुनाव में सुषमा को हार का सामना करना पड़ा था। सोनिया गांधी को 51.7 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि सुषमा के पक्ष में 44.7 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस वक्त सुषमा स्वराज ने अप्रैल 2000 में संसद में वापसी की थी। उन्हें उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद चुना गया था। उस दौरान भी उन्होंने जनवरी 2003 तक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय संभाला था।

साल 2004 आ गया था। उस वक्त कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी और सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चाएं काफी तेज थीं। उस वक्त सुषमा स्वराज का अलग ही रूप नजर आया था। उन्होंने ऐलान किया था कि अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं तो मैं अपने पद से त्याग पत्र दे दूंगी। साथ ही, अपने बाल कटवाकर पूरा जीवन भिक्षुक की तरह बिताऊंगी। रंगीन वस्त्र छोड़कर सफेद कपड़े पहनूंगी। जमीन पर सोऊंगी और भुने चले खाऊंगी।