Sukhdev Singh Gogamedi News: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का आज अंतिम संस्कर संस्कार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए जयपुर के श्री भवानी निकेतन स्कूल और कॉलेज में ले जाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखदेव सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव गोगामेड़ी ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आइए आपको बताते हैं सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के से जुड़े बड़े अपडेट्स।
- बुधवार देर रात समाप्त हुआ धरना – जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में चल रहा प्रदर्शन बुधवार देर रात समाप्त हो गया। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने मेट्रो मास हॉस्पिटल के सामने चल रहे प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही श्याम नगर थानाधिकारी, बीट प्रभारी और बीट कॉन्स्टेबल को निलंबित किया गया है।
- सवाई मान सिंह अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम – सुखदेव सिंह के शव को रात में ही प्राइवेट हॉस्पिटल से पोस्टमार्टम के लिए सवाई मान सिंह अस्पताल ले जाया गया। यहां मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया।
- FIR में शीला शेखावत ने क्या कहा? – सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने श्याम नगर थाने में दर्ज कराई FIR में कहा कि उनके पति ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पुलिस महानिदेशक को तीन पत्रों के जरिए जानकारी दी थी कि उन्हें जान का खतरा है।
- SIT करेगी मामले की जांच – पुलिस ने गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए बुधवार को SIT गठित की। इस हत्याकांड के विरोध में राज्य में कई जगह प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर राजमार्ग ‘जाम’ कर दिया और ट्रेन भी रोकीं। हालांकि, कहीं से हिंसा की कोई खबर नहीं है।
- हमलावरों की पहचान की गई, पांच लाख इनाम की घोषणा – पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हमलावरों की सूचना देने वाले को पांच-पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है। (इनपुट – भाषा)