श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के चार दिन बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ एक जॉइंट ऑपरेशन में चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। रोहित राठौड़ और नितिन फौजी नाम के दो लोगों ने सुखदेव की गोली मारकर हत्या की थी। अब पुलिस ने दोनों को तुरंत गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी नवीन शेखावत नाम के व्यक्ति के माध्यम से उनके घर पहुंचे थे। हमलावरों ने भागने से पहले नवीन शेखावत को भी गोलियों से भून दिया था। एक सूत्र ने कहा कि क्राइम ब्रांच की नई दिल्ली रेंज को सूचना मिली कि दोनों आरोपी चंडीगढ़ में छिपे हुए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें तुरंत छापेमारी के लिए निकलने के लिए कहा।
एक पुलिस सूत्र ने कहा, “एसीपी उमेश बर्थवाल के नेतृत्व में एक टीम डीसीपी (क्राइम ब्रांच) अमित गोयल के नेतृत्व में चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई और उन्होंने राजस्थान पुलिस के साथ जानकारी शेयर की। उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में छापेमारी की, जहां से दो शूटरों (रोहित और नितिन) और उधम नामक के उनके एक सहयोगी को पकड़ लिया गया।”
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों को दिल्ली लाया जा रहा है और फिर उन्हें राजस्थान पुलिस को सौंप दिया जाएगा। पुलिस उनके दावों की पुष्टि कर रही है कि हत्या जातिगत प्रतिद्वंद्विता के कारण हुई थी। घटना के बाद जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने एक फेसबुक पोस्ट में गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। राजस्थान पुलिस ने कहा था कि हमलावरों के पकड़े जाने के बाद इस लिंक की जांच की जाएगी।
इससे पहले शनिवार को रामवीर नाम के व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि रामवीर ने ही नितिन फौजी के लिए सारे इंतजाम घटना वाले दिन करवाए थे। बता दें कि रामवीर, आरोपी नितिन का करीबी दोस्त भी है और साजिश में दोनों का हाथ रहा है।