राजधानी सहित देश के कुछ हिस्सों में शनिवार को आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने कुछ को राहत दी तो क ई लोगों को मुसीबतों का भी सामना करना पड़ा। आंधी में गिरे पेड़ और बिजली के खंभों की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। इसमें पुलिस के एक जवान का भी सिर फट गया। दिन में भी रात जैसा अंधेरा होने से लोगों को गाड़ियों की लाइट जलानी पड़ी। शहर में कई जगह जाम लग गया।

राजधानी में शनिवार को उस वक्त दिन और रात का फर्क मिट सा गया जब तपती दोपहरी में मौसम के मिजाज ने अचानक से एकदम करवट बदल ली। तेज धूप व गरमी को एकदम से चुनौती देती तेज आंधी ने देखते ही देखते न केवल सूरज को ओझल कर दिया बल्कि धूल की मोटी चादर से पूरी दिल्ली को ढक दिया। धूल भरी आंधी और देश के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। आंधी इतनी तेज थी कि जगह-जगह कई पेड़ गिर गए। किसी का छप्पर उड़ा तो किसी की गुमटी।

मौसम विभाग ने बताया कि इस आंधी की रफ्तार 84 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हौजखास इलाके में एक पेड़ गिरने से इसकी चपेट में आए दिल्ली पुलिस के एक जवान घायल हो गए। इनके सिर में चोट आई है। उन्हें एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। कुछ और लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

उत्तर भारत में मानसून पूर्व हलचल तेज हो गई है। देश के कई इलाकों में शनिवार को लोगों को तेज गर्मी से हल्की सी राहत मिली है। शनिवार को राजधानी का तामपान 41 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक था जो आंधी व बारिश के बाद एकदम से कम हो गया। हालांकि तेज हवा तो सुबह से ही चल रही थी लेकिन दोपहर लगभग दो बजे मौसम ने एकदम से मिजाज बदला। मौसम अधिकारियों ने बताया कि दोपहर तीन बजे अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन तक मौसम का मिजाज नरम बना रहेगा।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के तटीय इलाके में बारिश हुई। मौसम विभाग ने इसे मॉनसून पूर्व की हलचल कहा है। हालांकि कुछ मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह से तापमान में आने वाला गिरावट मॉनसून को कमजोर करेगा। इस वक्त जितना अधिक तापमान होगा, मॉनसून उतना ही अधिक सशक्त होगा। अगले दो-तीन दिनों तक बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश के आसार हैं।

हरियाणा में गुड़गांव, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रोहतक, अंबाला और पंचकुला में धूल भरी आंधी चली। वहीं पंजाब में मोहाली, रोपड़, अमृतसर सहित कई हिस्सों में धूल भरी आंधी आई। आंधी के बाद चंडीगढ़ में कुछ वक्त के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद, शहर में बारिश भी हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

वहीं शनिवार को दक्षिणी-पश्चिमी मानूसन ओड़ीशा पहुंचा। प्रदेश के दक्षिणी जिलों मलकानगिरी और कोरापुट के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई है। इस बीच विभाग ने अगले 48 घंटों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने जबकि 22 जून तक सामान्य वर्षा होने की संभावना जताई है। ओड़ीशा ने गर्मी का लंबा दौर झेला है और इस साल लू लगने से 44 लोगों की मौत हुई है।

मॉनसून से राहत
शनिवार को दक्षिणी-पश्चिमी मॉनूसन ओड़ीशा पहुंचा। प्रदेश के दक्षिणी जिलों मलकानगिरी और कोरापुट के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई है। ओड़ीशा ने गर्मी का लंबा दौर झेला है और इस साल लू लगने से 44 लोगों की मौत हुई है। पश्चिम भारत में भी मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मॉनसून दक्षिणी गुजरात में पहुंच गया है और राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। लू और भीषण गर्मी से बेहाल तेलंगाना के लोगों के लिए बारिश राहत भरी सौगात लेकर आई। पड़ोसी आंध्र प्रदेश में भी बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

आंधी की आफत
दिल्ली में आंधी की रफ्तार 84 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हौजखास इलाके में एक पेड़ गिरने से इसकी चपेट में आए दिल्ली पुलिस के एक जवान घायल हो गए। इनके सिर में चोट आई है। आंधी और बारिश के कारण राजाधानी के लोगों को सड़कों पर लंबे जाम से भी जूझना पड़ा। वहीं चंडीगढ़ में कुछ समय के लिए बिजली-पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई।