केरल की एक अदालत ने अपने बॉयफ्रेंड के मर्डर के लिए दोषी ठहराया है। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याट्टिनकारा की एक सत्र अदालत ने शुक्रवार को ग्रीष्मा को 2022 में शेरोन राज की हत्या का दोषी पाया। ग्रीष्मा ने शेरोन को मारने की कई बार कोशिश की थी। इस मामले में सजा शनिवार (18 जनवरी 2025) को सुनाई जाएगी।

अदालत ने ग्रीष्मा की मां सिंधु को बरी कर दिया लेकिन उसके चाचा निर्मलकुमारन नायर को अपराध में सहयोग देने का दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, कन्याकुमारी निवासी 24 वर्षीय ग्रीष्मा और तिरुवनंतपुरम के परसाला निवासी शेरोन 2021 से दोस्त थे। वह रिलेशनशिप में थे, इसी बीच मार्च 2022 में ग्रीष्मा के परिवार ने उसकी शादी एक सैन्य अधिकारी से तय कर दी। उसने इस शादी के लिए मंजूरी भी दे दी। ग्रीष्मा ने शादी का प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद भी शेरोन से रिश्ता जारी रखा था।

अपनी शादी की तारीख करीब आने पर लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को मारने की योजना बनाई

आरोप है कि अपनी शादी की तारीख करीब आने पर ग्रीष्मा ने शेरोन को मारने की योजना बनाई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसने पेन किलर दवाओं के शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में ऑनलाइन रिसर्च की और कई बार शेरोन को ज़हर देने एक बार, उसने पानी में कई गोलियां मिलाईं और उसे पीने के लिए रख दिया। उसने उसे गोलियों से भरा जूस भी दिया। चूंकि, शेरोन को इन सब से कोई नुकसान नहीं हुआ इसलिए उसने कुछ अलग करने का फैसला लिया।

जानें देशभर के मौसम का हाल

लड़के को आयुर्वेदिक ड्रिंक में मिलाकर दिया जहर

अभियोजन पक्ष के अनुसार, 14 अक्टूबर 2022 को सैन्य अधिकारी से शादी करने से लगभग एक महीने पहले, ग्रीष्मा ने शेरोन को अपने घर बुलाया और उसे एक औषधीय आयुर्वेदिक पेय पिलाया, जिसमें उसने कुछ जहरीला पदार्थ मिलाया था। आयुर्वेदिक मिश्रण का स्वाद आम तौर पर कड़वा होता है, इसलिए शेरोन को कुछ भी असामान्य नहीं लगा। हालांकि, ग्रीष्मा के घर से निकलने के बाद उसे बेचैनी महसूस होने लगी और उस रात उसे कई बार उल्टियां हुईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

25 अक्टूबर 2022 को शेरोन की तिरुवनंतपुरम के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान कई अंगों के काम करना बंद कर देने से मौत हो गई। अपनी मौत से पहले उसने संदेह जताया था कि उसे ग्रीष्मा ने जहर दिया है और उसने अपने एक दोस्त से कहा था कि ग्रीष्मा ने उसे धोखा दिया है। शेरोन की मौत के बाद उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

लड़की ने क्यों किया बॉयफ्रेंड का कत्ल?

ग्रीष्मा को 31 अक्टूबर 2022 को गिरफ्तार किया गया और लगभग एक साल बाद सितंबर 2023 में उसे जमानत मिल गई। उसकी मां और चाचा को भी अपराध में सहयोग देने और सबूत नष्ट करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान ग्रीष्मा ने बताया कि वह शेरोन के साथ अपने रिश्ते को खत्म करना चाहती थी और उसने शेरोन से उनके अंतरंग पलों की तस्वीरें हटाने को कहा था। लड़की ने दावा किया कि उसे डर था कि शेरोन तस्वीरें उसके होने वाले पति को दिखा देगा और इसी वजह से उसने शेरोन की हत्या की योजना बनाई। यहां पढ़िए देश और दुनिया की बड़ी खबरों से जुड़े लेटेस्ट अपडेट