दिल्ली नगर निगम (MCD) के लिए रविवार को एक असहज स्थिति बन गई। MCD को उस समय थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा जब भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने उच्चायोग के पास लगे एक साइनबोर्ड पर अपने देश के नाम में एक महत्वपूर्ण स्पेलिंग मिस्टेक को उजागर किया। साइमन वोंग रविवार की सुबह मॉर्निंग वाक पर निकले थे और इसी दौरान उन्होंने इसका पता लगाया। सोशल मीडिया साइट X पर किए एक पोस्ट में साइमन ने लिखा कि MCD स्पेलिंग चेक करे।

पोस्ट में साइनबोर्ड और साइमन वोंग की तस्वीर थी। कैप्शन में लिखा है, “पहले स्पेल चेक करना हमेशा अच्छा होता है।” कुछ घंटे पहले पोस्ट की गई इस पोस्ट को X पर डेढ़ लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोग पसंद भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “एक बड़ा ऊप्स मोमेंट, उम्मीद है कि MCD दिल्ली इसे जल्द से जल्द ठीक कर देगी।” एक अन्य यूजर ने X पर लिखा, “अच्छी सलाह…लेकिन फिर हमारी मुस्कुराहट कहां से आएगी?”

क्या था पोस्ट?

साइमन वोंग ने सोशल मीडिया साइट पर दो फोटो शेयर किया। एक में साइनबोर्ड पर पर सिंगापुर की स्पेलिंग Singapur लिखा था जबकि एक फोटो उन्होंने अपनी पोस्ट की। इसमें वे टी शर्ट पहने हुए थे और उसपर Singapore लिखा हुआ था।

वहीं X पर एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह तब होता है जब लोग हिंदी शब्द से अंग्रेजी में अनुवाद करते हैं… सभी क्षेत्रीय भाषाओं में सामान्य गलतियां।” इससे पहले भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जी20 बैठक में लोक कलाकारों के साथ नृत्य किया था। उस दौरान भी वह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुए थे।

भारत में सिंगापुर हैंडल से शनिवार को ट्वीट किया गया, “जी20 टूरिज्म वर्किंग ग्रुप की बैठक में एक शानदार शाम।”

साइमन वोंग ने PSLV-C56 लॉन्च करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि रॉकेट ने रक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी एजेंसी (DSTA), एसटी इंजीनियरिंग, सिंगापुर के विश्वविद्यालयों और निजी उद्योग द्वारा विकसित सात उपग्रहों को कक्षा में स्थापित किया है।