सिक्किम और अरुणाचल विधनसभा के 4 जून को नतीजे नहीं आने वाले हैं। चुनाव आयोग की तरफ से तारीख को बदल दिया गया है। अब दो दिन पहले यानी कि 2 जून को सिक्किम और अरुणाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। असल में दोनों ही राज्यों का कार्यकाल 2 जून को खत्म हो रहा है। ऐसे में नियम के तहत तभी तक मतगणना भी पूरी हो जानी चाहिए, इसी वजह से तारीखों में ये बदलाव किया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि इलेक्शन कमीशन ने 7 चरणों में लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा की है। लोकसभा की 543 सीटों वोटिंग होगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, पहला चरण 19 अप्रैल को होगा, दूसरा चरण 26 अप्रैल को होगा, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां चरण 20 मई, छठा चरण 25 मई, सातवां चरण 1 जून को होगा। जबकि रिजल्ट 4 जून को आएगा।
वोटिंग से लेकर नतीजे तक इसमें 46 दिन लगेंगे। लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई है। इसके साथ-साथ कई राज्यों में लोकसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव भी होने जा रहे हैं। बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, त्रिपुरा, वेस्ट बंगाल, हिमाचल, राजस्थान, कर्नाटक तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश में उपचुनाव होंगे।
वैसे इस बार चुनाव क्योंकि सात चरणों में हो रहे हैं, इस वजह से विपक्ष ने इसे एक सियासी मुद्दा बनाने का काम भी किया है। तर्क दिया गया है कि ज्यादा चरणों में होने वाले चुनावों में सत्ता पक्ष को फायदा होता है। अब जानकार मानते हैं कि कुछ हद तक ऐसा होता भी है क्योंकि जब ज्यादा चरणों में चुनाव रहते हैं, नेरेटिव बिल्डिंग करना आसान रहता है। अगर केंद्र के खिलाफ एंटी इनकमबेंसी भी होती है तो उसे कम करने में मदद मिलती है।