मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा से चुनाव जीतकर नई दिल्ली पहुंचे हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में सफदरजंग रोड पर स्थित बंगला नंबर 12 उनका नया पता होगा।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सांसद बनने के बाद 8 जून  से पूसा कॉम्पलेक्स स्थित गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। जल्द ही वह लुटियन दिल्ली में 12, सफदरजंग रोड पर शिफ्ट हो जाएंगे। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली पहुंचने के बाद शिवराज सिंह शुरुआती कुछ दिनों तक चाणक्यपुरी स्थित मध्य प्रदेश भवन में रहे थे।

मुख्यमंत्री समझकर संबोधन देने लगे शिवराज, फिर बोले अब तो कृषि मंत्री… सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

12, सफदरजंग रोड पर कौन रह रहा था?

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया है कि शिवराज सिंह चौहान से पहले मोरेश्वर पाटिल 12, सफदरजंग रोड पर रह रहे थे। वह इस बार चुनाव जीतने में सफल नहीं रहे। मोदी सरकार 2.0 में मिनिस्टर ऑफ स्टेट (पंचायती राज) रह मोरेश्वर पाटिल इस बार भिवंडी लोकसभा सीट पर शरद पवार गुट के सुरेश म्हात्रे से चुनाव हार गए।

कांग्रेस के DNA में है किसान विरोध – शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद से नरेंद्र मोदी सरकार ने कृषि के क्षेत्र में प्राथमिकताओं को बदला जिसके अच्छे परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र जितना प्राचीन है, कृषि भी उतनी ही प्राचीन है।

उन्होंने कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का नाम लेते हुए कहा, “उन्होंने शकुनी का जिक्र किया। शकुनी छल और कपट का प्रतीक है। चौपड़ में तो धोखे से ही हराया गया था और चक्रव्यूह में फेयर वार से नहीं बल्कि घेर कर मारा गया था।”

उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस को अब क्यों चक्रव्यूह, शकुनी और चौपड़ याद आते हैं? उन्होंने कहा, “हम जब महाभारत काल में जाते हैं तो हमें तो भगवान कृष्ण ही याद आते हैं… यदा यदा ही धर्मस्य याद आता है… हमको तो कन्हैया याद आते हैं।” कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए शिवराज चौहान ने कहा, “कांग्रेस के DNA में ही किसान विरोध है, मैं यह कहना चाहता हूं। आज से नहीं, प्रारंभ से ही कांग्रेस की प्राथमिकताएं गलत रही हैं।”