बीजेपी ने मध्य प्रदेश में मोहन यादव को अपना मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। उनके नाम ने सभी को हैरान जरूर किया है, लेकिन पार्टी की ओबीसी पॉलिटिक्स को समझते हुए इसे बड़ा दांव भी माना जा रहा है। उज्जैन दक्षिण से लगातार तीन बार से मोहन यादव चुनाव जीतते आ रहे हैं, उनके संघ बैकग्राउंड ने भी उन्हें सियासी रूप से काफी फायदा पहुंचाया है।

Live Updates

देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें Jansatta.com

16:26 (IST) 11 Dec 2023
कुछ ही देर में सीएम का ऐलान

बीजेपी विधायक दल की बैठक जारी है। वीडी शर्मा ने अपने मन की बात रख दी है। कुछ दूसरे विधायक भी अपने विचार रख रहे हैं। थोड़ी देर में नए सीएम का ऐलान होने वाला है।

14:57 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: थोड़ी देर में शुरू होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक

भोपाल में बीजेपी के विधायक दल की बैठक कुछ देर में शुरू होने वाली है। पार्टी के नेता भोपाल में कार्यालय पर पहुंचने लगे हैं। तीनों पर्यवेक्षक भी पार्टी ऑफिस पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पार्टी ऑफिस पर मौजूद हैं।

14:31 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: कांग्रेस मोदी को नहीं हरा सकती- गिरिराज सिंह

कांग्रेस सांसद धीरज साहू पर आईटी छापे पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने कहा, "अगर कांग्रेस सोचती है कि वह धनबल का इस्तेमाल करके मोदी को हरा सकती है, तो वह मोदी को नहीं हरा सकती।"

14:29 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: अमित शाह ने पेश किया जम्मू और कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू और कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023 और जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2023 को विचार और पारित करने के लिए राज्यसभा में पेश किया है। दोनों विधेयक पिछले हफ्ते लोकसभा से पारित हो गए थे।

14:09 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: पार्टी कार्यालय पहुंचे बड़े नेता

भोपाल में पार्टी कार्यालय में भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और वीडी शर्मा पहुंच गए हैं। भारतीय जनता पार्टी आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का चयन करेगी। कई बड़े चेहरे सीएम के दावेदार हैं।

13:03 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: भोपाल पहुंचे मनोहर लाल खट्टर

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज बीजेपी विधायक दल की बैठक है। इस बैठक में मुख्यमंत्री का चुनाव होना है। इसके लिए पर्यवेक्षक भोपाल पहुंच चुके हैं। शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का स्वागत किया है।

12:45 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: हकीकत यह है कि बिहार में जनगणना नहीं हुई- चिराग पासवान

बिहार में हुई जाति जनगणना पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान ने कहा, "यह हकीकत है कि जाति जनगणना नहीं हुई। कई परिवार हमारे पास आए और कहा कि उनसे कुछ नहीं पूछा गया। मैं अपना उदाहरण दे सकता हूं। इससे पता चलता है कि डेटा बंद दरवाजों के पीछे बनाया गया था।"

11:41 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद धीरज साहू के यहां छापेमारी में मिली 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "यह देश के इतिहास की सबसे बड़ी बरामदगी है। अभी भी आठ लॉकर खोले जाने बाकी हैं। यह सारी नकदी उन्हीं की है, इसीलिए कांग्रेस को बंगारू लक्ष्मण की याद आ रही है। जब ईडी इसकी आगे जांच करेगी तो कनेक्शन सामने आ जाएंगे।

10:41 (IST) 11 Dec 2023
Political News Live: जेपी नड्डा ने विरोध प्रदर्शन में लिया हिस्सा

कांग्रेस सांसद धीरज साहू के परिसरों से 300 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के खिलाफ पार्टी सांसदों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

10:20 (IST) 11 Dec 2023
Live News: एमपी में दो उपमुख्यमंत्री बना सकती बीजेपी

छत्तीसगढ़ की तरह मध्य प्रदेश में भी बीजेपी दो उप मुख्यमंत्री बना सकती है। हालांकि अधिकारिक फैसला विधायक दल की बैठक के बाद ही लिया जाएगा। अभी भी शिवराज सिंह चौहान सीएम पद के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं।

09:48 (IST) 11 Dec 2023
Live News: 13 दिसंबर को शपथ लेंगे विष्णुदेव साय

विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विष्णुदेव साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वह छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। विष्णुदेव साय के साथ दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे।

09:15 (IST) 11 Dec 2023
Live News: ओडिशा में बनेगी डबल इंजन की सरकार

बीजेपी महिला मोर्चा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ''ओडिशा में अगले साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव हैं। पीएम मोदी ओडिशा के 80% लोगों की पहली पसंद हैं। ओडिशा में डबल इंजन की सरकार लाने के लिए महिला मोर्चा राज्य के गांव-गांव जाकर लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएगी।"

08:27 (IST) 11 Dec 2023
Live News: 'मोदी की गारंटी' के तहत किए गए सभी वादे पूरे करेंगे- विष्णुदेव साय

सीएम चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय ने कहा, "एक सीएम के रूप में मेरी प्राथमिकता लोगों से किए गए वादों को पूरा करना होगा। कांग्रेस के पांच साल के शासन के दौरान समाज का हर वर्ग पीड़ित था। लगभग 18 लाख लोग प्रधानमंत्री आवास से वंचित हैं। 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किसानों को दो साल का बोनस दिया जाएगा। हम 'मोदी की गारंटी' के तहत किए गए सभी वादे पूरे करेंगे।''

08:06 (IST) 11 Dec 2023
Live News: इंडिया गठबंधन के नेताओं की संसद में बैठक

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। सोमवार को इंडिया गठबंधन के सभी नेता राज्यसभा में विपक्ष के नेता के चैंबर में एक बैठक करेंगे। ये बैठक सुबह 10 बजे होगी। इसमें केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होगी।

08:02 (IST) 11 Dec 2023
Live News: इंडिया गठबंधन की बैठक पर प्रियंका चतुर्वेदी का बड़ा बयान

इंडिया गठबंधन की बैठक पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ''यह एक महत्वपूर्ण बैठक होगी क्योंकि पिछली बैठक में एक समिति का गठन किया गया था और यह निर्णय लिया गया था कि आने वाले समय में सीट बंटवारे जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। हाल ही में हुए चुनाव के नतीजों को ध्यान में रखते हुए हमें एकजुट होकर अपनी बात जनता के सामने रखने की जरूरत है। आगामी बैठक बहुत महत्वपूर्ण है।''

07:55 (IST) 11 Dec 2023
Live News: भोपाल में 4 बजे विधायक दल की बैठक

आज शाम 4 बजे मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इसी बैठक में मुख्यमंत्री चुना जाएगा। मध्य प्रदेश के तीन पर्यवेक्षक आज भोपाल पहुंचेंगे और वह विधायकों के साथ बैठक करेंगे।

07:53 (IST) 11 Dec 2023
Live News: MP में सीएम पद के लिए कई दावेदार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीडी शर्मा समेत कई दावेदार हैं।

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक आज राजधानी भोपाल में होगी। इसी बैठक में मुख्यमंत्री का ऐलान किया जाएगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए शिवराज सिंह चौहान के अलावा कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा, प्रहलाद पटेल, वीडी शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय, ज्योतिराज सिंधिया समेत कई दावेदार हैं। छत्तीसगढ़ के लिए बीजेपी ने विष्णुदेव साय को अपना मुख्यमंत्री बनाया है। वहीं राजस्थान में विधायक दल की बैठक मंगलवार को होगी।