पश्चिम बंगाल में तृणमूल मुखिया ममता बनर्जी की मेगा रैली में शनिवार (19 जनवरी) को विपक्ष के सभी नेताओं का हुजूम उमड़ा। विपक्षी दलों के सभी प्रतिनिधि इस रैली में पहुंचे हुए थे। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद ही मंच संचालन का जिम्मा हाथ में लिए हुए था। ममता के मंच पर विपक्षी एकता का संदेश देने पहुंचे तमाम नेताओं ने अपनी बात रखी और सभी ने एक सुर में बीजेपी की मोदी सरकार को ललकारा। इस दौरान लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव भी मौजूद थे। उन्होंने भी मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का लोगों से आह्वान किया। हालांकि, अपने भाषण में वह बोलते हुए कांग्रेस की सरकार में हुए बोफोर्स घोटाले का जिक्र कर दिया।
शरद यादव ने भाषण की लय में बहते हुए बोफोर्स पर खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। हालांकि, बीच में तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने उन्हें धीमी आवाज में सूचित किया कि उन्हें बोफोर्स पर नहीं बल्कि राफेल पर बोलना है। जिसके बाद शरद यादव ने अपनी बात बोफोर्स से मोड़कर राफेल पर कहनी शुरू की। शरद यादव ने कहा, ” बोफोर्स की लूट, फौज का हथियार, फौज का जहाज यहां लाने का काम हुआ। भारत के लोग सीमा पर शहादत दे रहे हैं और डकैती डालने का काम बोफोर्स में हुआ है। डकैती हो गई है।”
“Bofors me ghotala hua tha”-Sharad Yadav
Someone saying Bofors nhi #rafale
Bolna tha.#Mamata2019Rally#MamtaRally
pic.twitter.com/WsVn4YeU68— Sir K L RAHUL (@SirKLRahul) January 19, 2019
कोलकाता में हुई रैली में भारी संख्या में तृणमूल के समर्थक पहुंचे हुए थे। इस दौरान ममता बनर्जी के आह्वान पर विपक्ष के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। सभी ने मोदी सरकार की नीतियों को जनता के खिलाफ बताया। मंच पर बीजेपी के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा और वर्तमान सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद थे। यशवंत सिन्हा ने तमाम विपक्षी दलों से अपील की कि वे बीजेपी उम्मीद वार के खिलाफ एक ही कैंडेडट खड़ा करें।

