देश में कमाई के लिहाज से मशहूर हस्तियों में बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान फिर से पहले नंबर पर आ गए हैं। उनकी इस साल 257.5 करोड़ रुपए की कमाई होने का अनुमान है और उन्होंने इस मामले में सलमान खान को पीछे छोड़ दिया है। फोर्ब्स की ताजा लिस्ट में यह कहा गया है। फोर्ब्स ने अपनी सालाना ‘इंडिया सेलेब्रिटी लिस्ट, 2015’ में कहा है कि अभिनेता शाहरूख अपने मित्र सलमान खान से बीते साल पीछे हो गये थे और तीसरे स्थान पर आ गए थे। फोर्ब्स के अनुसार शाहरूख खान की 257.5 करोड़ रुपए की कमाई ‘फोर्ब्स इंडिया सेलेब्रिटीज 100’ सूची के चार साल के इतिहास में किसी भी मशहूर हस्ती के मुकाबले सबसे ज्यादा है। यह सूची ऐसे वक्त में आई है जब सलमान को बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को 13 साल पुराने हिट एंड रन मामले में बरी कर दिया।
टॉप 10 में बॉलीवुड और क्रिकेट का दबदबा
ताजा सूची के अनुसार सलमान की कमाई 202.75 करोड़ रुपए है जो शाहरूख खान की आय से 50 करोड़ रुपए कम है। अमिताभ बच्चन तीसरे स्थान पर हैं जबकि पिछले साल वह दूसरे पायदान पर थे। फोर्ब्स के अनुसार टॉप 100 मशहूर हस्तियों की कुल संपत्ति 2,819 करोड़ रुपए है जबकि सिनेमा और क्रिकेट का टॉप 10 स्थान पर दबदबा है। सूची में महेंद्र सिंह धोनी चौथे स्थान पर हैं। उसके बाद आमिर खान, अक्षय कुमार, विराट कोहली, सचिन तेंडुलकर, दीपिका पादुकोण और रितिक रोशन का स्थान है। मैगजीन के मुताबिक, कमाई के अनुमान के अलावा 100 मशहूर हस्तियों की सूची में लोकप्रियता पर भी गौर किया गया है। अगर सिर्फ कमाई को देखा जाए तो 50 साल के शाहरूख खान सूची में पहले स्थान पर जबकि सलमान दूसरे स्थान पर हैं। वहीं अक्षय कुमार तीसरे स्थान पर हैं, जबकि धोनी और बच्चन क्रमश: चौथे तथा पांचवें स्थान पर हैं।
अश्विन ने बनाई लिस्ट में जगह, कोहली से ऊपर धोनी
क्रिकेटरों में धोनी सबसे ऊपर हैं जो 119.33 करोड़ रूपए की सालाना कमाई के साथ चौथे स्थान पर हैं। टेस्ट कप्तान विराट कोहली सातवें स्थान पर हैं, जिनकी कमाई 104.78 करोड़ रूपए रही। वहीं क्रिकेट को अलविदा कह चुके महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर कोहली से एक पायदान नीचे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया टेस्ट श्रृंखला में मैन आफ द सीरिज रहे क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं जो 31वें स्थान पर हैं। सबसे ज्यादा फायदे में रही हस्तियों में क्रिकेटर रोहित शर्मा शामिल हैं जो 38 पायदान चढकर 12वें स्थान पर हैं।
यह है टॉप 10 लिस्ट
1. Shah Rukh Khan – Rs.257.50
2. Salman Khan – Rs.202.75
3. Amitabh Bachchan – Rs.112.00
4. Mahendra Singh Dhoni – Rs.119.33
5. Aamir Khan – Rs.104.25
6. Akshay Kumar – Rs.127.83
7. Virat Kohli – Rs.104.78
8. Sachin Tendulkar – Rs.40.00
9. Deepika Padukone – Rs.59.00
10. Hrithik Roshan – Rs.74.50

