Sandeshkhali News: पश्चिम बंगाल का संदेशखाली इलाका इस समय जल रहा है। ये जल रहा है महिलाओं के आंदोलन की वजह से, उनके उस विरोध की वजह से जिसने बंगाल सरकार की नींद उड़ा दी है। आरोप एक टीएमसी नेता पर लगा है, महिलाओं के यौन उत्पीड़न से उसका कनेक्शन है। बीजेपी ने भी मुद्दे को भुनाते हुए जांच के लिए अपने स्तर पर कमेटी बना दी है। लेकिन ये सारा विवाद है क्या, आखिर बंगाल में ऐसा क्या हुआ कि इतनी सारी महिलाएं सड़क पर उतर आईं? पूरी कहानी यहां बताते हैं-

सवाल: संदेशखाली में क्या हुआ है?

जवाब: पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। विरोध प्रदर्शन इसलिए किया जा रहा है क्योंकि उन्हें टीएमसी नेता शेख शाहजहां के खिलाफ एक्शन चाहिए।

सवाल: टीएमसी नेता पर क्या आरोप लगा है?

जवाब: टीएमसी नेता शेख शाहजहां पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। जमीनों को अवैध तरीके से हड़पने को लेकर भी कई आरोप लगा दिए गए हैं।

सवाल: ये मामला सामने कैसे आया?

जवाब: असल में ईडी राशन भ्रष्टाचार मामले में टीएमसी नेता शेख शाहजहां के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। रेड मारने के लिए उनके घर तक पहुंची। लेकिन वहां पर महिलाओं ने एक दूसरे ही मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। तब जाकर ये मामला लाइमलाइट में आया।

सवाल: महिलाओं ने अपनी तरफ से क्या बताया?

जवाब: प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि शेख शाहजहां और उनके समर्थकों ने यौन उत्पीड़न किया। बाद में एक आरोप ये और जुड़ गया कि टीएमसी नेता और उसके साथियों ने एक बड़ा पॉल्ट्री फॉर्म बनाया, लेकिन वो भी गांव वालों की जमीन छीनकर किया गया।

सवाल: क्या सिर्फ नेता पर आरोप या कोई और भी शामिल?

जवाब: शेख शाहजहां के साथ टीएमसी के ही शिबू हाजरा पर भी यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। नाराज महिलाओं ने उन्हीं के पॉल्ट्री फॉर्म में आग भी लगा दी थी। खुद शिबू ने इसे बीजेपी और लेफ्ट का षड्यंत्र बता दिया है।

सवाल: मामले में क्या कोई जांच हुई है?

जवाब: राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने एसआईटी का गठन कर दिया है। गृह मंत्रालय को भी पूरे मामले की एक विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है। राज्यपाल के मुताबिक स्थानीय पुलिस जांच करने के बजाय वहां के लोगों को परेशान कर रही है।

सवाल: ममता सरकार का क्या स्टैंड है?

जवाब: ममता सरकार ने इस मामले में DIG रैंक की महिला IPS अधिकारी की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय टीम बना डाली है। ये टीम जमीन पर जाकर विरोध करने वाली महिलाओं से बात करेगी और उस आधार पर कोई एक्शन लिया जाएगा।

सवाल: विवाद पर बीजेपी का क्या रुख?

जवाब: इस मामले में बीजेपी ने आक्रमक रुख अपना रखा है। जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी में प्रतिमा भौमिक, बीजेपी सांसद सुनीता दुग्गल, कविता पाटीदार, संगीता यादव और बृजलाल जैसे नेताओं को शामिल किया गया है।