Rampur, akhilesh yadav, bjp, samajwadi party: यूपी सरकार ने समाजवादी पार्टी के सांसद और वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ कई मामलों में एफ़आईआर दर्ज की हैं। आज़म के समर्थन में पार्टी उतर आई है और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आजम का साथ देने शुक्रवार को रामपुर पहुंचे। अखिलेश के रामपुर पहुंचने की खबर जैसे ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगी। भारी मात्रा में सपा समर्थक रामपुर आने लगे। यूपी सरकार ने सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए रामपुर के कई इलाकों में धारा 144 लागू कर रखी है। इसी से बचने के लिए सपा का एक नेता सेहरा पहनकर रामपुर पहुंच गया।

शुक्रवार को सपा के संभल जिलाध्यक्ष फिरोज खान अखिलेश से मिलने के लिए पुलिस को चकमा देते हुए फिल्मी अंदाज में रामपुर पहुंचे। दरअसल सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर यूपी पुलिस तैनात थी। रामपुर के लिए जाने वाले सभी बाहनों की जांच की जा रही थी। ऐसे में संभल जिलाध्यक्ष ने अखिलेश यादव तक पहुंचने की एक तरकीब निकाली। पुलिस को चकमा देने के लिए फिरोज दूल्हे का सेहरा बांधकर गाड़ी में आगे की सीट पर बैठ गए और उनके साथ आ रहे कार्यकर्ता बाराती बनकर पीछे बैठ गए।

बता दें अखिलेश ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि आजम खान पर जिला और पुलिस प्रशासन सरकार की शह पर कहर बरपा रहा है। अखिलेश रामपुर आजम के पक्ष में माहौल बनाने सड़क मार्ग से लखनऊ से रामपुर जाते समय पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सपा अध्यक्ष ने कहा, “पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान पर छह महीना पहले एक भी केस दर्ज नहीं था और बीते एक महीने में उनके ऊपर 80 केस लगाकर उनको भू-माफिया घोषित किया गया है। रामपुर में सरकार के इशारे पर जिला व पुलिस प्रशासन आजम खां पर कहर बरपा रहा है।”

अखिलेश ने कहा, “बकरी और भैंस चोरी जैसे सामान्य मामले में भी मुकदमे लिखे जा रहे हैं, जिनका कोई आधार नहीं है। एक रात में कई मुकदमे लिखे गए, ऐसा कभी नहीं हुआ होगा। आजम का दोष बस इतना है कि उन्होंने अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर हो, इसके लिए काम किया।”