दिल्ली पुलिस ने साक्षी मर्डर केस में आरोपी साहिल के खिलाफ बुधवार को कोर्ट में 640 पेज का फाइनल चार्जशीट दाखिल कर दी। उत्तर पश्चिम दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 28 मई की रात को साहिल ने अपनी गर्लफेंड साक्षी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई थी। पहले उसने साक्षी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। इसके बाद उसने पत्थर से कुचल कर बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। बाद में पुलिस ने साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने मामले में 30 से ज्‍यादा लोगों से पूछताछ की थी, इनमें से ज्‍यादातर आरोपी साहिल के दोस्‍त थे। इन सभी के फोन कॉल्‍स डिटेल्‍स भी खंगाले गये थे। साहिल के सभी करीबी दोस्‍तों से भी पुलिस ने पूछताछ की थी। दिल्ली पुलिस ने मामले में साक्षी के करीब 10 से ज्यादा दोस्तों के बयान दर्ज किए थे, इनमें अजय उर्फ झबरू, नीतू और प्रवीन शामिल थे। इसके अलावा सीसीटीवी में दिख रहे 8 लोगों की भी पहचान कर उनके बयान भी दर्ज किये गये थे।

हत्या वाले दिन साहिल ने साक्षी से वीडियो कॉल पर बात की थी

पुलिस रिपोर्ट में बताया गया था कि 27 मई की दोपहर 3.41 पर साक्षी और साहिल के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इतना ही नहीं 28 मई (हत्या वाले दिन) को भी साहिल और साक्षी ने सुबह दो बार वीडियो कॉल पर बात की थी। असल में झबरू ने साक्षी को सपोर्ट करते हुए साहिल को धमकी दी थी।

झबरू उस इलाके का दबंग लड़का है। कुछ दिनों पहले ही उसकी साक्षी से दोस्ती हुई थी। घटना के एक दिन पहले साक्षी, भावना औऱ झबरू ने साहिल से मुलाकात की थी। तीनों की साहिल से झड़प भी हुई थी। झबरू ने साहिल से कहा था कि वह साक्षी से दूर रहे। इसके बाद ही साहिल ने साक्षी को मारने का प्लान बनाया था। अब क्या सच है और क्या झूठ यह तो पूरी जांच के बाद ही पता चल पाएगा।