मध्य प्रदेश के जबलपुर में भगवा ध्वज को कचरा गाड़ी में डालने से विवाद हो गया। बता दें कि हिंदू नव वर्ष को लेकर जबलपुर में जगह-जगह पर भगवा झंडा लगाया गया था। ऐसे में नगर निगम टीम भगवा झंडे को उतारकर कचरे वाली गाड़ी में डालकर ले गई। इसको लेकर अब हिंदूवादी संगठनों द्वारा चक्का जाम किया गया।

सफाई कर्मियों के खिलाफ आक्रोश: दरअसल सफाई कर्मियों द्वारा भगवा ध्वज हटाए जाने पर RSS कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। संगठन के कार्यकर्ता इसे हिंदू धर्म का अपमान बता रहे हैं। इस घटना के आक्रोश में कर्मचारियों ने निगम कर्मियो को मौके से भगा दिया और नगर निगम कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

विरोध में लगाए मुर्दाबाद के नारे: इसको लेकर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि आरएसएस के कुछ कार्यकर्ता अपने हाथों में भगवा ध्वज लिये हुए हैं। वहीं नगर निगम के अधिकारी मौके से भागते दिख रहे हैं। इस दौरान लोग नगर निगम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगा रहे हैं।

घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यकर्ता ने बताया कि हिंदू नव वर्ष के मौके पर कई जगह पर भगवा झंडे लहरा रहे थे। और यह हर साल होता रहा है। लेकिन इस बार नगर निगम द्वारा इसका विरोध किया गया।

मौके पर पहुंचे एसडीएम: कार्यकर्ता ने कहा कि निगम ने इन झंडों को निकालकर कचरा गाड़ियों में रख दिया। इसका हमारे द्वारा विरोध किया गया है और इसलिए हमने चक्का जाम किया है। वहीं विरोध प्रदर्शन देख मौके पर पहुंचे एसडीएम को लोगों ने लौटा दिया। हालांकि लोग कलेक्टर और निगमायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग कर माफी मांगने की जिद पर अड़े हैं। इसके अलावा विवाद बड़ता देख पूर्व महापौर प्रभात साहू और सदानंद गोडबोले भी मौके पहुंचे।