पत्रकार रूबिका लियाकत ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि आगरा में समाजवादी पार्टी की एक रैली में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए। इस वीडियो के साथ लियाकत ने लिखा, ‘आगरा में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे। महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में चल रहा था विरोध प्रदर्शन। अब कहो किसने की पाकिस्तान की एंट्री?’ उनके इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे।
बाद में लियाकत ने एक पत्र भी पोस्ट किया जो सपा नेता वाजिद निसार की तरफ से लिखा गया था। उन्होंने एसपी सिटी से पत्र लिखकर दरख्वास्त की थी कि जिस शख्स पर देशविरोधी नारे लगाने का आरोप लगा है उसपर जरूरी कार्रवाई की जाए। बता दें कि वीडियो में लोग समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तभी बीच में कोई शख्स पाकिस्तान का नाम लेता है और फिर जिंदाबाद-जिंदाबाद के नारे लगते हैं। हालांकि बाद में शोर में यह स्वर दब जाता है।
रूबिका लियाकत के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनका पक्ष लिया तो कई यूजर ट्रोल करने लगे। एक यूजर ने लिखा, ‘नारे लगाने वाला शख्स अगर भाजपाई निकला तो आप माफी मांगेंगी? नजीम मलिक नाम के यूजर ने लिखा कि रूबिका लियाकत झूठ फैला रही हैं। वहीं मनोज जैन ने कहा, वीडियो में नारेबाजी साफ सुनाई दे रही है। उस शख्स को गिरफ्तार करना चाहिए।’
आगरा में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में चल रहा था विरोध प्रदर्शन
अब कहो किसने की पाकिस्तान की entry pic.twitter.com/7lIWxMGAm2
— Rubika Liyaquat (@RubikaLiyaquat) July 15, 2021
ट्विटर पर कुछ देर के लिए रूबिका ट्रेंड हो गया। एक तरफ लोग अखिलेश यादव को ट्रोल कर रहे थे तो दूसरी तरफ रूबिका लियाकत को। प्रियंका नाम की यूजर ने लिखा, तो क्या कार्यवाही होगी? और अगर वो शख्श भाजपाई निकला तो क्या आप माफी मांगेगी?
कई लोगों ने रूबिका लियाकत के पुराने पोस्ट और इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट लेते हुए शेयर किया। सोशल मीडिया पर लोग समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के समर्थन में उतर आए और रूबिका लियाकत को झूठा बताने लगे। उनका आरोप यह भी था कि भीड़ में पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने वाला शख्स सपाई नहीं बल्कि भाजपाई था।