संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे (BJP MP Nishikant Dubey) ने कहा था कि सोनिया गांधी को एक ही चीज की चिंता है। उन्होंने कहा था न वह बेटे को सेट करना और दामाद को भेंट करना चाहती हैं। वही अब इस मुद्दे पर रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने निशिकांत दुबे के भाषण को समय की बर्बादी करार दिया है।
निशिकांत दुबे के बयान पर रॉबर्ट वाड्रा (Robert Vadra) ने कहा, “वे संसद का समय बर्बाद करते हैं। वहां नए बिल लाए जाएं, देश के मुद्दों पर वहां चर्चा हो। मैं गांधी परिवार का हिस्सा हूं। जब भी बीजेपी मुसीबत में पड़ती है तो उन्होंने हमेशा मेरा नाम लिया है। जब भी उन्हें घेरा जाता है तो वे कहते हैं कि लोगों का ध्यान भटकाना है और रॉबर्ट वाड्रा का नाम लेना है।”
वहीं मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ ‘50% कमीशन’ का आरोप प्रियंका गांधी ने लगाया था। उन्होंने इसको लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके बाद प्रियंका गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं इस मुद्दे पर भी रॉबर्ट वाड्रा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि मैं आश्चर्यचकित नहीं हूं। यह धारणा बनाने का उनका तरीका है। कर्नाटक में भी ऐसा ही था। 40% कमीशन’ सरकार थी। वही यहां (एमपी) है।”
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “जहां भी वे सरकार गिराते हैं और अपनी राजनीति चलाते हैं- वह सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी और लोग विद्रोह करेंगे। प्रियंका निडर हैं, राहुल निडर हैं, सोनिया जी निडर हैं, हम लोगों की आवाज उठाएंगे। वे कानूनी तौर पर या एजेंसियों के जरिए या किसी अन्य तरीके से हम पर दबाव डालेंगे। लेकिन वे हम पर जितना दबाव डालेंगे, हम उतनी ही मजबूती से उठेंगे।”
बता दें कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रॉबर्ट वाड्रा और गौतम अडानी की एक तस्वीर को संसद में दिखाया था। स्मृति ईरानी ने कहा था यह कब से अडानी अडानी कर रहे हैं। अब मैं भी बोल दूं। फोटो मेरे पास भी है। अगर अडानी इतनी खराब थे तो जीजाजी (रॉबर्ट वाड्रा) उनके साथ क्या कर रहे हैं।