Republic Day 2024: देश 75वां गणतंत्र दिवस मनाने के लिए तैयार है। गणतंत्र समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ और उसके आसपास के इलाकों में आठ हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ पर करीब 77,000 लोगों के आने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर एंटी-ड्रोन सिस्टम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

फ्रांस के राष्ट्रपति चीफ गेस्ट

गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत पहुंच चुके हैं। इस साल गणतंत्र दिवस परेड में फ्रांस का 95-सदस्यीय मार्चिंग दस्ता और 33-सदस्यीय बैंड दस्ता भी शामिल होगा।

गणतंत्र दिवस का शेड्यूल?

सुबह 7:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:30- 10 बजे के बीच समारोह के मुख्य अतिथि इमैनुएल मैक्रों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। यह गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक महत्वपूर्ण राजनयिक क्षण है। इसके बाद सुबह 10 बजकर 30 मिनट से परेड की शुरुआत होगी और इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा।

गणतंत्र दिवस की थीम?

परेड के बाद दोपहर में भारत की कलात्मक विविधता का जश्न मनाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देश की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की थीम विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका, देश की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक लोकाचार का प्रतीक हैं।

फ्लाईपास्ट में शामिल होंगे 51 विमान

परेड में एयरफोर्स के फ्लाईपास्ट में फाइटर प्लेन, हेलीकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट विमान समेत 51 प्लेन शामिल होंगे। इन विमानों में 15 महिलाएं होंगी। कर्तव्य पथ पर परेड में इस बार 80% प्रतिशत महिलाएं शामिल हो रही हैं।

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी?

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह के सुचारू संचालन के लिए यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधों पर एक एडवाइजरी जारी की। एडवाइजरी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला मैदान की ओर बढ़ेगी।