Republic Day 2020: सीआईएसएफ के जवानों ने -15 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी जोश और जुनून के साथ गणतंत्र दिवस मनाया। जम्मू-कश्मीर के गुरेज में जवानों के गणतंत्र दिवस मनाने की तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में दिख रहा है कि हाड़ जमा देने वाली ठंड में जवानों का जोश हाई है। बर्फ से ढकी पहाड़ों के बीच जवानों के गणतंत्र दिवस मनाने की यह तस्वीर सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर डाला है। यहां आपको बता दें कि उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में स्थित गुरेज सेक्टर में जवान विपरित परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं। कई बार सेना के जवानों ने इस सेक्टर में आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम किया है। हालांकि कई बार यहां बर्फीली तूफानों की वजह से सेना के जवानों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है।

दिसंबर के महीने में जम्मू-कश्मीर में आए बर्फीले तूफान के दौरान हिमस्खलन की दो घटनाएं बांदीपोरा (Bandipora) के गुरेज सेक्टर और कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में हुई थीं। यह दोनों इलाके उत्तरी कश्मीर (North Kashmir) के अंतर्गत आते हैं। उस वक्त 18 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर हुए हिमस्खलन (Avalanche) में 4 जवान लापता हो गए थे। पिछले साल 30 नवंबर को दक्षिणी सियाचिन ग्लेशियर में लगभग 18,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित सेना का गश्ती दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया था। इसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए थे। इन तमाम दुश्वारियों के बावजूद भारतीय सेना के जवान इन ऊंची बर्फीली पहाड़ियों पर शिद्दत के साथ सरहद की रक्षा करते हैं।

इधर गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के राजपथ पर भी सेना के जवानों ने जबरदस्त ताकत औऱ शौर्य का परिचय दिया। राजपथ पर हुए परेड में अपाचे हेलीकॉप्टर्स, डॉरनियर्स विमानों और जगुआर विमानों ने अपने करतबों से दर्शकों को दांतों तले ऊंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। सीआरपीएफ की महिला जाबांजों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर ऐसे-ऐसे करतब दिखाए कि लोगों ने दांतों तले उंगलियां दबा ली। राजपथ पर शोर्य प्रदर्शन के बाद विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विशेषता को उकेरने वाली झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया।