रिलायंस जियो ने शनिवार (22 अक्टूबर, 2022) को धनतेरस के मौके पर 5जी सेवाएं लॉन्च कर दी हैं। दो महीने पहले ही इसकी घोषणा की गई थी। रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने राजस्थान में राजसमंद के प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर से 5जी सेवाओं की शुरुआत की है। इस साल दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में 5G सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य है और अगस्त 2023 तक देश भर के हर शहर, तहसील और तालुका में रिलायंस 5जी सेवाओं का विस्तार कर देगा।
इस साल सितंबर में मुकेश अंबानी ने श्रीनाथजी के दर्शन कर मंदिर के महंत विशाल बाबा से आशीर्वाद लिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि राज्य में श्रीनाथजी मंदिर से 5जी सेवाएं शुरू की जाएंगी। अंबानी परिवार देवता श्रीनाथजी में काफी विश्वास रखता है। रिलायंस जियो ने 4 जी सेवाओं की शुरुआत भी यहीं से की थी।
एक अधिकारी ने कहा, “5जी सेवाओं की शुरुआत से राजस्थान में लोगों का जीवन बदल जाएगा। यह उन्हें वैश्विक नागरिकों के समान प्रौद्योगिकी की समझ रखने वाला बना देगा।” वहीं, श्रीनाथजी मंदिर के महंत विशाला बाब ने कहा कि वह 5जी सेवाओं की शुरुआत का स्वागत करते हैं और श्रीजी 5जी है।
दूरसंचार विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय मोबाइल फोन निर्माताओं और दूरसंचार ऑपरेटरों को उपकरणों में 5जी से संबंधित सॉफ्टवेयर को अपडेट करने और नए जमाने की दूरसंचार सेवाओं के तेजी से रोलआउट के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को स्थापित करने पर जोर दे रहे हैं। 5G पांचवीं पीढ़ी का मोबाइल नेटवर्क है जिसकी 3जी और 4जी की तुलना में स्पीड काफी ज्यादा है और विभिन्न क्षेत्रों में उपयोगकर्ता के अनुभव को बढ़ाएगी।
1 अक्टूबर को पीएम मोदी ने लॉन्च की थी 5जी सेवाएं
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने 1 अक्टूबर को 5जी सेवाएं लॉन्च की थीं। इस दौरान उन्होंने कहा था कि अब जब यह लॉन्च हो गया है, तो इसे सभी तक पहुंचने में समय नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि यह तकनीक केवल वॉयस कॉल या वीडियो देखने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसका इस्तेमाल क्रांति लाने के लिए किया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले भविष्य में देश उन तकनीकों पर काम करेगा जो भारत को एक ग्लोबल लीडर बनाएगी।