अनामिका सिंह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस साल स्वतंत्रता दिवस से आमजन को जोड़ने के लिए ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान ने नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। साल 2021 में भी इसी तरह के एक अभियान में राष्ट्रगान गाकर करीब डेढ़ करोड़ की संख्या के साथ देशवासियों ने कीर्तिमान बनाया था, लेकिन इस साल ‘सेल्फी विद तिरंगा ने 14 अगस्त, रात नौ बजे तक सात करोड़ का आंकडा पार कर लिया है। लोगों को सेल्फी खींचकर अपलोड करने के लिए लगातार नोडल एजंसी संस्कृति मंत्रालय भी उत्साहित कर रहा है।

बता दें कि साल 2021 में संस्कृति मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर राष्ट्रगान गाने की अपील देशवासियों से की थी। इसमें राष्ट्रगान को गाकर वीडियो को सरकार के पोर्टल ‘राष्ट्रगान डाट इन’ पर अपलोड करना था। इसमें डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों ने राष्ट्रगान गाकर कीर्तिमान बनाया था, लेकिन अपने इस बड़े कीर्तिमान को अब तोड़ते हुए ‘सेल्फी विद तिरंगा’ नया कीर्तिमान बना रहा है।

14 अगस्त को शाम साढ़े तीन बजे तक 6 करोड़ 3 लाख 43 हजार 306 देशवासियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सरकार के पोर्टल ‘हर घर तिरंगा’ पर अपलोड कर दिया था। जबकि शाम सात बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 6 करोड़ 75 लाख 96 हजार 51 तक जा पहुंचा। रात नौ बजे यह आंकडा बढ़कर 7 करोड़ 28 लाख 97 हजार 771 तक जा पहुंचा। 15 अगस्त की शाम तक यह आंकड़ा बड़ा रिकार्ड स्थापित कर सकता है।

इस अभियान में आम लोगों के साथ ही कई कलाकारों व राजनेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी तिरंगे के साथ सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड की है। यही नहीं कई देशों के लोगों व समूहों ने भी तिरंगे के साथ फोटो व सेल्फी खींचकर भेजी है। हालांकि, इस अभियान के 13 अगस्त को शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर दो करोड़ से अधिक लोगों ने अपनी तस्वीर को अपलोड कर दिया था।

तिरंगे के रंग में जगमगाई ऐतिहासिक इमारतें

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर को खास बनाने के लिए अपनी सभी संरक्षित ऐतिहासिक इमारतों को तिरंगे के रंग की रोशनी से जगमगा दिया है। कुतुबमीनार, पुराना किला, हुमायूं मकबरा, लालकिला, सफदरजंग मकबरा, वेल्लोर किला, अवंतीस्वामी मंदिर, सिकंदरा बाग, सास-बहू मंदिर, दिलखुशा पैलेस, लेह किला, अगा खां किला, रामाप्पा मंदिर सहित सभी स्मारक तिरंगे के रंग में स्वतंत्रता दिवस की रात तक जगमगाते दिखेंगे।