अहमदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया को अब होश आ गया है। तोगड़िया सोमवार की सुबह से लापता थे और उन्हें रात में एक पार्क में बेहोश पाया गया था, जिसके बाद उन्हें अहमदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के बाद अब तोगड़िया को होश आ गया है। वह करीब 11 घंटे तक लापता थे। इन 11 घंटों में उनके साथ क्या हुआ और वह कैसे बेहोश हुए, कैसे वह पार्क में पहुंचे इसके बारे में अभी कुछ जानकारी नहीं है। रिपोर्ट्स है कि तोगड़िया प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इन सारे सवालों का जवाब दे सकते हैं। दरअसल 10 साल पुराने एक मामले में राजस्थान पुलिस सोमवार को उनकी की गिरफ्तारी करने अहमदाबाद पहुंची थी, लेकिन तोगड़िया अपने घर पर नहीं मिले। उसके बाद उन्हें तलाश किया जाने लगा। करीब 11 घंटे बाद यानी रात के 9 बजे के करीब तोगड़िया अहमदाबाद के एक पार्क में बेहोश पाए गए।

प्रवीण तोगड़िया विश्व हिंदू परिषद के कद्दावर नेता हैं और वे अक्सर ही अपने विवादित बयानों और अल्पसंख्यकों को लेकर की गई टिप्पणियों की वजह से चर्चा में रहते हैं। साल 2015 में तोगड़िया ने दो बच्चे पैदा करने को लेकर काफी विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि देश में दो बच्चे रखने के नियम को अनिवार्य बना देना चाहिए और जो दो से ज्यादा बच्चे करेगा उसे सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने आरएसएस के मुखपत्र सामना में एक लेख लिखा था जिसमें कहा गया था, ‘हिंदू विलुप्त होने की कगार पर हैं और मुस्लिमों की संख्या बढ़ती जा रही है।’

दिसंबर 2014 में तोगड़िया ने कहा था कि वह देश में हिंदुओं की संख्या बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा था, ‘हम इस देश में हिंदुओं की संख्या बढ़ाकर 100 फीसदी कर देंगे। फिलहाल देश में 82 फीसदी हिंदू हैं और हम इस नंबर को कम नहीं होने देना चाहते। हम नहीं चाहते कि हिंदू इस में अल्पसंख्यक बनकर रह जाएं, यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’

वहीं उन्होंने जून 2015 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कहा था कि योगा करते वक्त अल्लाह शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा था, ‘योगा करते वक्त अल्लाह शब्द का इस्तेमाल करना भगवान शिव का अपमान करने जैसा होगा। ओम का उच्चारण और सूर्य नमस्कार करना योगा के अभिन्न अंग हैं और बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। अल्लाह जैसे शब्द ओम और सूर्य नमस्कार के लिए सही होंगे।’