बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने देश में योजनाओं, सड़कों और अन्‍य जगहों के नाम गांधी परिवार पर रखे जाने के मुद्दे पर गांधी परिवार को आड़े हाथों लिया था। इसके बाद कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा है। बुधवार को कांग्रेस ने ऋषि कपूर के इस हमले का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रनिर्माण में गांधी परिवार के योगदान के बारे में नहीं पता है।

मुंबई रीजनल कांग्रेस कमेटी के प्रमुख संजय निरुपम ने कहा, ‘ऋषि कपूर को राष्ट्रनिर्माण में गांधी परिवार के योगदान के बारे में नहीं पता है। मैंने उन्हें देशभर के ऐसे एयरपोर्ट्स की लिस्ट भेजी है, जिनका नाम महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज से लेकर लाल बहादुर शास्त्री पर रखा गया है। सभी चीजें गांधी परिवार के नाम से हैं, यह कहना गलत है। हो सकता है कि कपूर को महिला सशक्तिकरण और पंचायती राज क्षेत्र में राजीव गांधी के कार्यों के बारे में जानकारी ना हो।’

Read Also: ऋषि कपूर का ट्वीट- गांधी परिवार पर रखे गए जगहों के नाम बदलो, बाप का माल समझ रखा था?

निरुपम के साथ ही कांग्रेस नेता पीसी चाको ने कपूर पर निशाना साधते हुए कहा कि कपूर और उनके जैसे कुछ लोग हैं जोकि भाजपा सरकार की नजर में अच्छा बनने के लिए ऐसे बयान देते हैं। इंदिरा और राजीव गांधी ने देश के लिए जान की कुर्बानी दी है।

वहीं दूसरी ओर ऋषि कपूर के इस बयान से कई लोग सहमत भी हैं। कई फिल्मकार कपूर के समर्थन में उतर गए हैं। अनुपम खेर कहते हैं, ‘ऋषि कपूर का बयान कोई राजनीति से प्रेरित नहीं है। उनका सोचना सही है। पटेल, शास्त्री और अन्य नेताओं के नामों का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया। ऋषि ने लाखों लोगों की भावना बयान की है।’

Read Also: अकबर रोड का नाम बदलने के पक्ष में बीजेपी नेता शाइना एनसी की दलील-इजराइल में हिटलर रोड होता क्‍या

वहीं ऋषि कपूर के बयान से सहमति जताते हुए फिल्मकार अशोक पंडित कहते हैं कि संपत्तियों से गांधी परिवार के नाम हटाए जाने चाहिएं। उनकी जगह देश में अहम योगदान देने वाले नेताओं के नामों का इस्तेमाल होने चाहिए। देश के नेहरूकरण को रोकना होगा। ब्रिटिश सरकार और कांग्रेस सरकार में कोई फर्क नहीं है।

फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने भी कपूर से बयान से सहमति जताई है।

लोकसभा सांसद और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष बदरूद्दीन अजमल का कहना है कि यह मुद्दा बहस का है ही नहीं। न्यूज चैनलों और ऋषि कपूर को देश के लोगों का कीमती समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। जब देश में सूखे की स्थिति है ऐसे में ये बकवास के मुद्दों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए।’

कपूर ने मंगलवार शाम को ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ‘गांधी परिवार के नाम वाली संपत्तियों के नाम बदले जाएं। बांद्रा-वर्ली सी लिंक का नाम लता मंगेश्कर या जेआरडी टाटा लिंक कर देना चाहिए। बाप का माल समझ रखा है?’ इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट करके कांग्रेस पर निशाना साधा।