मशहूर उद्योगपति रतन टाटा आजकल इंस्टाग्राम पर अपने जीवन की कुछ अनमोल यादें शेयर करते हैं। हाल ही में की गई उनकी पोस्ट ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कुछ दिन पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर 1955 की अपनी तस्वीर शेयर की थी जब वह रिवरड्रेल कंट्री स्कूल में पढ़ा करते थे। उन्होंने अपनी ईयरबुक का एक हिस्सा भी पोस्ट किया और बताया कि उस वक्त उन्हें क्या करना बहुत पसंद आता था।
ये तस्वीरें शेयर करके टाटा ने लिखा, ‘अपने दोस्त लोउ और रूडी के बारे में सोचते हुए, मैं अपने स्कूल के दिनों की कुछ झलकियां पेश कर रहा हूं। यह है मेरा रिवरडेल कंट्री स्कूल। 1955 की ईयरबुक का एक छोटा सा हिस्सा।’ इसमें यह भी लिखा था कि टाटा भले ही डेढ़ साल के लिए ही अमेरिका गए र हे हों लेकिन वे काफी ‘अमेरिकी’ हो गए थे। वहां उन्होंने बहुत सारे दोस्त बना लिए थे और खाकी पैंट के ऊपर पीली शर्ट चर्चा का विषय बनी रहती थी।
ईयरबुक में यह भी लिखा है कि उस समय टाटा के अंदर किस बात का जुनून था। इसमें बताया गया है कि वह इंजिनियर बनना चाहते थे। उनकी फिजिक्स टीचर उनके इंजिनियरिंग के ज्ञान से काफी प्रभावित रहती थीं। टाटा की इयरबुक में एक फोटो भी है।
इस ईयरबुक में टाटा को अमेरिकी कल्चर को जल्द अपनाने वाला, अट्रैक्टिव, फ्रैंडली और खुले स्वभाव वाला बताया गया है। इस समय रतन टाटा 82 साल के हैं और देश के सफल उद्योगपति हैं। इंस्टाग्राम पर उनको 30 लाख से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। फैन्स को हमेशा उनके पोस्ट का इंतजार रहता है।
रतन टाटा की स्कूली शिक्षा मुंबई में हुई थी। 1991 में वह टाटा समूह के अध्यक्ष बने थे। उन्हें साल 2000 में पद्मभूषण और 2008 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। रतन टाटा के माता पिता का निधन काफी पहले हो गया इसलिए वह अपनी दादी की छाया में ही पले।