भारत में दिसंबर के महीने में कोविड-19 से पीड़ित होने वालों की संख्या में अचानक तेजी आ गई है। पिछले दो दिनों से लगातार पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को देशभर में कोविड-19 के 166 नए केस सामने आए हैं। फिलहाल 895 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल केसों की संख्या 4.50 करोड़ है और मरने वालों की संख्या 5.33 लाख हो गई है। आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4.44 करोड़ हो गई है और बीमारी से उबरने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

इस बीच मौसम बदलने के साथ ही न्यूमोनिया का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से ऐहतियात बरतने की हिदायत दी है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक काफी खराब है। इसकी वजह से सुबह-शाम तापमान में कमी भी हो रही है। दिन में धुंध और कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो गई है।

मौसम में इस बदलाव की वजह से भी न्यूमोनिया और दूसरी दिक्कतें बढ़ रही है। ऐसे में अचानक कोविड के नए केसों में इजाफे ने चिंता बढ़ा दी है।