भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के संगठन महासचिव रामलाल को पद से हटा दिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उनकी जगह वी सतीश ले सकते हैं। वी सतीश अभी भाजपा में राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव हैं। हालांकि उनके नाम की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनका नाम ही सबसे आगे चल रहा है। रामलाल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का अखिल भारतीय सहसंपर्क प्रमुख नियुक्त किया गया है।
बता दें कि साल 2006 से लगातार रामलाल बीजेपी के संगठन महासचिव थे। रामलाल मथुरा के रहने वाले हैं। वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संघ प्रचारक रहे चुके हैं। 2005 में संगठन महासचिव संजय जोशी की सेक्स सीडी आने के बाद उनकी जगह रामलाल को संगठन महासचिव बनाया गया था।
भाजपा में एक प्रमुख रणनीतिकार के रूप में रामलाल संघ एवं पार्टी के बीच की कड़ी थे। उन्हें भाजपा की हर बड़ी बैठक में देखा जाता था। इसके अलावा आरएसएस में गोपाल आर्य को पर्यावरण गतिविधियों का राष्ट्रीय समन्वयक बनाया गया है।
बीजेपी की केंद्रीय समिति में संगठन महामंत्री या महासचिव और राज्य इकाइयों में संगठन मंत्री संघ की तरफ से नियुक्त किए जाते हैं। इनका काम पार्टी और संघक के बीच कॉर्डिनेशन बनाना होता है। बीजेपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद संगठन महासचिव के पद बहुत अहम होता है। इन्हें चुने जाने में बीजेपी का कोई दखल भी नहीं होता है। बीजेपी में पार्टी अध्यक्ष के बाद संगठन महासचिव का पद सबसे महत्वपूर्ण होते हैं।