राम आएंगे… 500 साल बाद वो घड़ी आ गई है जब अयोध्या में सही मायनों में भगवान राम अपनी जन्मभूमि पर आने वाले हैं। कई दशक बीत गए, कई कुर्बानियां हो गईं, कोर्ट के चक्कर लगे, विवाद उठे, लेकिन अब दिवाली का समय है, उत्सव का समय है क्योंकि भगवान राम आए हैं। आज जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड का इशारा करेगी, राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।
शुभ मुहूर्त और उसका महत्व
प्राण प्रतिष्ठा का ये कार्यक्रम काफी शुभ मुहूर्त में संपन्न किया जा रहा है। बताया गया है कि हिंदू धर्म के लिहाज से देखें तो भगवान राम का जन्म अभिजीत मुहूर्त में हुआ था। बड़ी बात ये है कि इस बार 22 जनवरी को भी अभिजीत मुहूर्त का संयोग बनता दिख रहा है। इसी वजह से प्राण प्रतिष्ठा इस दिन की जा रही है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा दोपहर 12.20 पर ठीक शुरू कर दी जाएगी। वहां भी 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से लेकर 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड का मुहूर्त खास रहने वाला है।
ये भी जानकारी दी गई है कि 22 जनवरी को कूर्म द्वादशी की तिथि है। दूसरे शब्दों में बोलें तो ये खास तिथि भगवान https://www.jansatta.com/ram-mandir/?ref=bannerविष्णु के लिए अर्पित है। ऐसी मान्यता है कि कूर्म द्वादशी को ही भगवान विष्णु ने एक कछुए का अवतार लिया था और तब उनकी मदद से समुद्र मंथन किया गया था। ऐसे में हर मायने में प्राण प्रतिष्ठा के लिए ये तारीख सबसे ज्यादा सुंदर और शुभ मानी जा रही है।
राम मंदिर की पूरी कवरेज यहां देखिए
कौन-कौन मेहमान, कैसे मिलेगी एंट्री?
अब आज के पूरे कार्यक्रम की बात करें तो सुबह साढ़े दस बजे तक सभी मेहमानों को राम मंदिर पहुंचना होगा। इन मेहमानों में कई बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल रहने वाले हैं। लिस्ट में अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, आयुष्मान खुराना, विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट,अनुपम खेर जैसे कई सितारे शामिल हैं। इन सभी मेहमानों की एंट्री भी सिर्फ निमंत्रण पत्र के जरिए ही होने वाली है। असल में जिन भी मेहमानों को न्योता मिला है, उनके पत्र पर एक कोड बना हुआ है जिसे स्कैन कर पहले वेरिफाई किया जाएगा, उसके बाद परिसर में एंट्री मिलेगी। जब सभी मेहमान इकट्ठा हो जाएंगे, उसके बाद विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र अपनी धुन से समाहा बांधने का काम करेंगे। जब तक प्राण प्रतिष्ठा शुरू नहीं हो जाएगी, ये संगीत संध्या चलती रहेगी।
प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया?
बताया जा रहा है कि इस पावन अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा पूरे 121 वैदिक आचार्य द्वारा करवाई जाएगी। उस समय 50 से अधिक गिरिवासी, तटवासी, द्वीपवासी, आदिवासी, जनजातीय के लोग भी मौजूद रहेंगे। खुद पीएम नरेंद्र मोदी भी चार घंटे के लिए राम मंदिर में उपस्थिति रहने वाले हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद दोपहर एक बजे के करीब उनका संबोधन भी रखा गया है। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख मोहन भागवत और मंदिर ट्रस्ट से अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का भी संबोधन होगा।
अयोध्या में शाम को मनेगी दिवाली
अब प्राण प्रतिष्ठा के समय तो अयोध्या में रौनक होगी ही, इसके साथ-साथ शाम को राम ज्योति प्रज्वलित करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि 5 लाख के करीब सरयू तट पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। हर दुकान, हर घर के बाहर भी ऐसे ही दीयों को सजाने की तैयारी है। मानकर चला जा रहा है कि अयोध्या में असल दिवाली आ गई है। वैसे दिवाली का माहौल तो अयोध्या में अब हमेशा रहने वाला है क्योंकि आम लोगों के लिए भी राम मंदिर को 23 जनवरी से खोल दिया जाएगा।
उत्सव के साथ कई राज्यों में छुट्टी
निशुल्क ही दर्शन करने के इंतजाम कर दिए गए हैं। तीन बार आरती देखने का मौका भी मिलने वाला है। ये अलग बात है कि परिसर में एक बार में सिर्फ 30 लोगों के जाने की अनुमति रहेगी। वैसे कार्यक्रम को लेकर उत्साह ऐसा चल रहा है कि आज कई राज्यों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। दिल्ली, हरियाणा, त्रिपुरा, राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गोवा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य पदेश, ओडिशा, चंडीगढ़, गुजरात में छुट्टी रहने वाली है। ज्याातर राज्यों में सरकारी कर्मचारियों को हाफ डे दिया गया है।