किसान नेता राकेश टिकैत ने पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि हम आंदोलन करते हैं, लेकिन हम जुमलेबाज तो नहीं हैं। उनका कहना है कि गुजरात के सीएम के तौर पर मोदी ने 2011 में कहा था कि देश में MSP पर कानून बनेगा। टिकैत ने कहा कि मोदी दोबारा पीएम बन गए पर कानून नहीं बना। उनका सवाल था कि यह जुमलेबाजी नहीं थी क्या।

राकेश टिकैत ने कहा कि MSP पर कानून बनना चाहिए वो नहीं बन रहा। सरकार ने जबरन तीन काले कानून संसद से पास करा लिए। किसान दो महीने से ज्यादा समय से सड़क पर रहकर आंदोलन कर रहा है, लेकिन तीनो काले कानून खत्म नहीं हो रहे हैं। उनका कहना था कि पीएम चाहे कुछ भी कहें, जब तक तीनों कानून वापस नहीं होते तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। किसानों ने सरकार से अपने हक की चीज मांगी है। सरकार नहीं मानेगी तो वो भी वापस नहीं जाएंगे।

सोमवार को राज्यसभा में मोदी ने कहा था कि देश में एक नया समुदाय आंदोलनजीवी पैदा हो गया है। यह हर विरोध प्रदर्शनों में देखा जा सकता है। कोई भी आंदोलन हो, ये लोग हर जगह नजर आते हैं। ये लोग आंदोलन के बिना नहीं जी सकते। ये टोली आंदोलन से जीने के लिए रास्ते खोजती रहती है। हमें ऐसे लोगों की पहचान करनी होगी और उनसे राष्ट्र की रक्षा करनी होगी। उनका कहना था कि ये लोग परजीवी हैं।

पीएम ने कहा कि कुछ लोग खासकर पंजाब के सिख भाईयों के दिमाग में गलत चीजें भरने में लगे हुए हैं। ये देश हर सिख के लिए गर्व करता है। कुछ लोग उनके लिए जो भाषा बोलते हैं, उनको गुमराह करने की कोशिश करते हैं इससे कभी देश का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत को अस्थिर, अशांत करने के लिए कुछ लोग लगातार कोशिश कर रहे हैं हमें इन लोगों को जानना होगा। गौरतलब है कि सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों को लेकर किसान पिछले साल 26 नवंबर से राष्ट्रीय राजधानी की विभिन्न सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें से ज्यादातर किसान पंजाब, प. यूपी और हरियाणा से हैं। ये सभी तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं।