राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गुरुवार को बादल झमाझम बरसे। कमोबेश यही हाल पूरे देश का रहा। इस बरसात से आम लोगों को गर्मी से निजात तो मिल गई है। लेकिन अचानक हुई इतनी बारिश भी लोगों के लिए कई जगह परेशानी का सबब बन गई। जगह—जगह पानी भर जाने के कारण सड़कें पानी में डूब गईं। पैदल चलने वालों के अलावा कार और मोटरसाइकिल सवार भी लंबे जाम लगने से परेशान रहे। दिल्ली के अलावा हरियाणा के जिलों और राजस्थान में भी भारी बारिश की सूचना मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जाम से कराह उठी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सुबह लगभग 7 बजे के करीब बारिश शुरू हुई थी। सुबह हुई बारिश से सड़कों पर जाम के हालात बनने लगे थे, जो जहां था, वहीं थम गया। आॅफिस जाने के लिए निकले लोग दोपहर तक जाम से ही जूझते रहे। दिल्ली में सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास पानी भर गया। गाजियाबाद में दिल्ली से भी बुरे हालात हैं। यहां वसुंधरा के वार्तालोक सोसायटी के पास भारी बारिश के कारण सड़क धंस गई, जिसके बाद इसके आसपास के 80 घरों को एनडीआरएफ की टीम ने खाली करवा दिया।
Delhi: Water-logging outside Badarpur metro station and inside its underpass pic.twitter.com/OguPUUR3rZ
— ANI (@ANI) July 26, 2018
#WATCH Newly constructed Raj Nagar Extension Elevated Road in Ghaziabad heavily waterlogged due to heavy rains in the region pic.twitter.com/Mzf50j5SM1
— ANI UP (@ANINewsUP) July 26, 2018
फ्लाईओवर बने सिव्मिंग पूल: कमोबेश यही हालात नोएडा के भी दिखे, जहां महामाया फ्लाईओवर भी पानी से भर गया। पानी भरने से कई वाहन खराब हो गए, जिसकी वजह से फ्लाइओवर पर भारी जाम लग गया। इधर गाजियाबाद में यूपी गेट से राजनगर एक्सटेंशन तक देश की सबसे लंबी छह लेन वाले एलिवेटेड रोड को भी अपनी चपेट में लिया। इस रोड पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई फीट तक पानी भर गया। बता दें देश के सबसे लंबी छह लेन वाले एलिवेटेड रोड का उद्घाटन 30 मार्च को सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया था।
राजस्थान में आफत वाली बारिश: वहीं राजस्थान की धरती भी बारिश से अछूती नहीं रही। सीकर जिले में भारी बारिश के कारण एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। भारी बरसात के कारण कई इलाके पानी में डूब गए हैं। कोटपुतली के पास नीम का थाना इलाके के मावंडा गांव में मकान ढह जाने से महिला की मौत हो गई। लेकिन लोगों ने उसके दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। बच्चों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हरियाणा में सक्रिय हुई एनडीआरएफ: वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के गुड़गांव और बहादुरगढ़ में भारी बारिश दर्ज की गई है। कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। भटिंडा में रात से हो रही बारिश अभी थमी नहीं है। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड कई जगहों पर पानी निकालने में जुटे हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां आगामी कुछ दिनों तक तेज बरसात होती रहेगी।
Kullu: Bridge over Brahmganga rivulet in Parvati valley’s Manikara washed away in flash flood following heavy rain in the district. #HimachalPradesh pic.twitter.com/9s1RiSoH4M
— ANI (@ANI) July 26, 2018
Mandi: Rivulets flooded following heavy rainfall in parts of the district; #visuals of Jiyuni rivulet from Gohar subdivision. #HimachalPradesh pic.twitter.com/Kh8IiLyMkv
— ANI (@ANI) July 26, 2018
उत्तराखंड में बढ़ा लैंड स्लाइड का खतरा: देश के पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी स्थानीय मौसम कार्यालय ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। स्थानीय प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि लैंडस्लाइड के खतरे वाली जगहों पर यातायात अधिक न होने दें। वहीं ड्राइवरों को भी संभलकर वाहन चलाने की चेतावनी दी गई है।
West Bengal: Heavy rainfall lashes city of Kolkata pic.twitter.com/h3ySyGmcGv
— ANI (@ANI) July 26, 2018
मध्य प्रदेश से कोलकाता तक झमाझम: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अधिकांश हिस्सों में बुधवार सुबह से छाए बादलों ने मौसम को सुहावना बना दिया है। राज्य में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। वहीं नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है। भोपाल के बड़ा तालाब में भी जलस्तर में अपेक्षाकृत सुधार आया है। जबकि जबलपुर के बरगी बांध में पानी का दबाव बरसात के बाद बढ़ गया है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी जमकर बारिश हुई है। सुबह-सुबह हुई बारिश के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है। जिससे कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम हो गया।
अभी नहीं थमेगी बारिश : मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी की मानें तो गुरुवार को दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड आदि राज्यों में भी बारिश की चेतावनी है। दिल्ली में बारिश की वजह से लोग घर से ऑफिस के लिए नहीं निकल पा रहे हैं। हालांकि, मौसम को देखते हुए यह संभावना व्यक्त की गई है कि बारिश अभी थमने वाली नहीं है।