उत्तर भारत (North India) के कई राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 5 दिनों तक दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय (IMD Scientist Soma Sen Roy) के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और इससे सटे इलाकों में 17 और 18 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने सिक्किम, असम, मेघालय में भी भारी बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात
इसके अलावा मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन ने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति क्यों उत्पन्न हुई, इसके बारे में भी विस्तार से बताया। सोमा सेन ने कहा कि दिल्ली में बाढ़ की स्थिति बारिश के कारण नहीं पैदा हुई है, बल्कि यमुना नदी में हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से काफी अधिक पानी छोड़ा गया, जिसकी वजह से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।
इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश
इसके अलावा मौसम विभाग ने यूपी और उत्तराखंड में 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के इलाकों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र के विदर्भ में भी 14, 17 और 18 जुलाई को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि छत्तीसगढ़ में 18 जुलाई को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में 18 जुलाई को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं दिल्ली में बाढ़ के हालात को देखते हुए सेना के इंजीनियरिंग कोर के जवानों को तैनात कर दिया गया है। दिल्ली में बाढ़ पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अभी जो बाढ़ आई है वो प्राकृतिक आपदा है और इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यमुना में 1 लाख क्यूसेक पानी था जो अगले दिन अचनाक 3.70 लाख क्यूसेक हो गया। हमने बताया है कि बैराज में एक सीमित मात्रा में पानी को नियंत्रित कर सकते हैं बैराज की क्षमता 1 लाख क्यूसेक पानी की है, उससे अधिक जो भी पानी होगा उसे रोकना मुश्किल है।
मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। जगह-जगह पानी भर गया है। वहीं इसके कारण ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ है और कई रूटों पर लंबा जाम लगा हुआ है।