उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस की चर्चित विधायक अदिति सिंह (Congress MLA Aditi Singh) पंजाब में अपनी ही पार्टी के विधायक अंगद सैनी संग शादी करने जा रही है। उन्होंने कयासों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि वह रायबरेली (Raebareli) में ही सक्रिय रहेंगी। इसके साथ ही उन्होंने अपने अफेयर (Affair) से जुड़ी खबरों को भी खारिज कर दिया। बता दें कि एक समय उनके तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से भी सगाई की अफवाह उड़ी थी। बाद में उन्होंने राहुल गांधी को अपना भाई बताया था।
‘रायबरेली मेरी जान है’: प्राप्त जानकारी के मुताबिक अदिति 21 नवंबर को दिल्ली में सात फेरे लेंगी। इसके दो दिन बाद रिसेप्शन भी रखा गया है। अदिति ने शादी के बाद रायबरेली छोड़ने की खबरों को खारिज करते हुए कहा, ‘रायबरेली मेरी जान है। यहां के लोग हमारे और यहां की सियासत मेरी है। शादी के बाद न अंगद अपना क्षेत्र छोड़ेंगे, न मैं अपना। मेरे लिए कहीं भी जाकर चुनाव जीतने का सवाल नहीं है। मैं यहां से विधायक हूं, मेरे कार्यकर्ता यहां पर हैं।’
Hindi News Today, 19 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अफेयर पर दिया यह बयानः रिपोर्ट के मुताबिक अदिति ने कहा, ‘यह शादी उनके पिता अखिलेश सिंह ने ही तय की थी। पिछले एक साल से ही हम दोनों को एक-दूसरे को जानने का मौका मिला है। हमारे बीच किसी तरह का अफेयर नहीं था। सगाई के बाद ही दोनों की बातचीत शुरू हुई। मैं अपने पिता के निधन के तीन महीने के अंदर ही शादी कर रही हूं क्योंकि उन्होंने ही शादी की तारीख तय की थी और कहा था कि यह शादी रुकनी नहीं चाहिए। इसीलिए हम बेहद साधारण समारोह में शादी कर रहे हैं।’
कांग्रेस छोड़ बीजेपी में जाने के लगे थे कयासः पिछले दिनों आर्टिकल 370 को लेकर मोदी सरकार के फैसले का समर्थन करने वाले नेताओं में अदिति सिंह भी शुमार थी। तब उन्होंने ट्विटर पर लोगों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था, ‘पार्टी से पहले देश है।’ इसके बाद उनके कांग्रेस छोड़ बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।