Bharat Jodo Yatra in Delhi: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार की सुबह बदरपुर बार्डर से राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों का कलाकारों और संस्कृति कर्मियों ने गीतों-नृत्यों के साथ स्वागत किया। यात्रा सुबह लगभग छह बजे बदरपुर सीमा से प्रवेश की। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। यात्रा इसके बाद अपोलो अस्पताल से होते हुए आश्रम की ओर बढ़ी है। यात्री भोजनावकाश के बाद कुछ देर आराम करेंगे। दोपहर एक बजे आश्रम से यात्रा फिर शुरू होगी और निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल-आईटीओ-दिल्ली कैंट-दरियागंज से लाल किले की ओर जाएगी। बाद में राहुल गांधी और कुछ यात्री कार से राजघाट, वीरभूमि व शांतिवन जाएंगे और पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। दिल्ली में यात्रा का आश्रम चौक पर पहला पड़ाव होगा। यहां पर सर्वधर्म सभा का भी आयोजन किया गया है। इसमें सभी धर्म के धर्मगुरु हिस्सा लेंगे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जय किशन ने बताया कि इस दौरान राहुल गांधी दलितों, ब्रह्मणों, छात्रों और साधुओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही दलित समाज के कई अन्य संगठनों से जुड़े लोगों से भी राहुल गांधी की बातचीत तय है। उपाध्यक्ष जय किशन ने यह भी बताया कि आश्रम चौक के पास यात्रा के ठहराव को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। यहां पर भोजनावकाश की व्यवस्था पार्टी की ओर से की गई है।
अभिनेता से नेता बने कमल हासन भी दिल्ली यात्रा में शामिल होंगे
अभिनेता से नेता बने कमल हासन, कुछ स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्य और कांग्रेस के शीर्ष नेता शनिवार को राहुल गांधी की अगुआई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दिल्ली चरण में शामिल हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले सप्ताह मक्कल निधि मय्यम के अध्यक्ष (एमकेएम) के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए हासन ने कहा था कि उन्हें राहुल गांधी ने आमंत्रित किया है और वह 24 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग लेंगे।
राजधानी में 50 हजार लोग यात्रा का हिस्सा बनेंगे
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि कम से कम 50,000 लोगों के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है। आश्रम चौक पर भोजनावकाश के बाद कुछ देर आराम के बाद दोपहर एक बजे यात्रा शुरू होगी और निजामुद्दीन की ओर बढ़ेगी। यात्रा इंडिया गेट सर्किल-आइटीओ-दिल्ली गेट-दरियागंज से होते हुए लाल किले पर पहुंचेगी। यहां शाम चार बजे राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही राहुल गांधी और यात्रा में शामिल कुछ लोगों का राजघाट, वीर भूमि और शांति वन पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित करने की योजना है।
दिल्ली पुलिस ने किया है कड़े सुरक्षा इंतजाम
दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि यात्रा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा वाले मार्ग को लेकर दिल्ली यातायात पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को उस रूट का जायजा भी लिया, जहां से यात्रा को गुजरना है। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से सुझाव दिया गया है कि सुबह के वक्त बदरपुर, सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कालोनी और आश्रम चौक की ओर जाने से बचे। इसके साथ ही दोपहर बाद आश्रम चौक, निजामुद्दीन, इंडिया गेट, आइटीओ, दरिया गंज से लेकर लाल किले की ओर जाने से लोगों को बचने का आह्वान किया है। यातायात पुलिस ने कहा कि यात्रा के दौरान मार्ग पर बदलाव किया जाएगा। और कुछ समय के लिए इन इलाकों में आवाजाही बंद भी रहेगी।