सामाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए हैं। सीट बंटवारे को लेकर बात बनने के बाद आज आगरा में अखिलेश यादव ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ रोड शो किया है। इस दौरान सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी का देश से सफाया होने वाला है।

क्या बोले अखिलेश यादव?

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, ”मैं जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। आने वाले दिनों में सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। डॉ. बीआर अंबेडकर के सपनों को बीजेपी ने बर्बाद कर दिया है।”

अखिलेश यादव ने आगे कहा, “आगरा शहर दुनिया में जाना जाता है। मुझे इस बात की खुशी है कि ये (कांग्रेस) मोहब्बत की दुकान को लेकर चले हैं और यह पूरा शहर मोहब्बत का शहर है। आने वाले समय में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती हैं। हमें उम्मीद है कि INDIA गठबंधन और PDA की लड़ाई NDA को हराने का काम करेगी। सपा प्रमुख ने कहा,”यूपी सरकार की कोई ऐसी भर्ती नहीं जिसमें पेपर लीक न हो। ये सरकार जानबूझकर पेपर लीक करवाती है, क्योंकि इसकी नीयत में रोजगार देना नहीं है।

इस दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि हम अखिलेश यादव जी का भारत जोड़ो न्याय यात्रा में स्वागत करते हैं और यह एक बड़ा दिन है। राहुल गांधी ने भी अखिलेश यादव का मंच से स्वागत किया।

17 सीटों पर बनी है बात

इंडिया गठबंधन के दोनों सहयोगी (कांग्रेस-सपा) के बीच लंबी चर्चाओं और कई सियासी अटकलों के बाद बात बन गई है। कांग्रेस गठबंधन के तहत 17 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। कांग्रेस अब रायबरेली, अमेठी, कानपुर, फ़तेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झाँसी, बुलन्दशहर, ग़ाज़ियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

सपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को बड़ी हिस्सेदारी देने का एक मुख्य कारण मुस्लिम वोटों के बंटने का डर था। 2022 के विधानसभा चुनावों में सपा को मुस्लिम वोटों पर बहुत अधिक भरोसा था और इसका फायदा सपा को हुआ भी है। चुनाव में सपा के 30 मुस्लिम उम्मीदवार जीते थे। ऐसे में सपा नहीं चाहती कि किसी भी तरह यह वोट उनके हाथ से छिटके।