कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा है कि पीएम मोदी को संविधान कोरा (खाली) इसलिए लगता है क्योंकि उन्होंने जीवन में कभी संविधान पढ़ा ही नहीं है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए ये मायने नहीं रखता कि किताब का रंग क्या है। मायने ये रखता है कि इस किताब में क्या है। हम इसके लिए अपनी जान देने के लिए तैयार हैं।
संविधान को लेकर चुनावी जंग
महाराष्ट्र के नंदुरबार में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान उनके लिए खाली लगता है क्योंकि इसे अपनी जिंदगी में कभी उन्होंने पढ़ा नहीं है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि संविधान कोरा नहीं है बल्कि इसमें हजारों सालों के विचार हैं।
पढे़ं दिनभर की सभी बड़ी खबरें-
राहुल गांधी ने संविधान को लेकर आगे कहा, ‘वो (पीएम मोदी) कहते है कि राहुल लाल किताब दिखाते हैं। हमारे लिए ये मायने नहीं रखता कि किताब किस रंग का है। मायने ये रखता है कि किताब में लिखा क्या है। हम इस संविधान के लिए अपनी जान देने को तैयार हैं।’
हजारों सालों के विचारों का समागम है संविधान
राहुल ने कहा कि वो पीएम मोदी को समझाना चाहते हैं कि ये संविधान खोखला नहीं है बल्कि यह हजारों साल के विचारों और धारणाओं से भरा हुआ है। आप इसे खोखला बताकर बिरसा मुंडा, महात्मा गांधी, बाबा साहब अंबेडकर समेत सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान करते है।
महाराष्ट्र चुनाव में ही एक रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी जिस संविधान की लाल किताब का दिखावा कर रही है उसमें कुछ नहीं है। इसके साथ ही पीएम ने कहा था कि कांग्रेस ने फर्जीवाड़ा करने में अपनी ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। कांग्रेस द्वारा दिखाई और बांटी जा रही संविधान की लाल किताब पूरी तरह से खोखली है। यह बाबा साहब के प्रति कांग्रेस की उपेक्षा और नफरत का प्रमाण है।