अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल को एक बार फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। शिरोमणि अकाली दल के नए अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल होंगे। बता दें कि पिछले साल 16 नवंबर को सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और इसी साल जनवरी में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया था।

सुखबीर सिंह बादल को मिली कमान

बता दें कि हाल ही में अकाल तख्त साहिब की ओर से सुखबीर सिंह बादल और कुछ अन्य कई नेताओं को सजा मिली थी। इन्हें अकाल तख्त साहिब ने तनखाईया घोषित किया था और इन नेताओं ने सजा को स्वीकार किया था। सुखबीर सिंह बादल ने अध्यक्ष चुने जाने के बाद पंजाब में पार्टी के प्लान को भी बताया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पंजाब के हितों की रक्षा करना और अकाली दल को और मजबूत करना है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में अकाली दल ने काफी खराब प्रदर्शन किया और इसके बाद पार्टी में सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ बगावत के सुर फूटने लगे थे। अकाली दल के महत्वपूर्ण नेताओं ने बगावत कर दी थी और इसके बाद अकाल तख्त साहिब ने भी अपना फैसला सुना दिया। इसके बाद सुखबीर सिंह बादल को इस्तीफा देना पड़ा था।

कई नेताओं के पार्टी छोड़ने के बावजूद RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी ने क्यों किया वक्फ कानून का समर्थन?

2008 में पार्टी के पहली बार अध्यक्ष बने थे सुखबीर सिंह बादल

सुखबीर सिंह बादल 2008 में पार्टी के पहली बार अध्यक्ष बने थे। उसके बाद से वह लगातार इस पद पर रहें। इससे पहले उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अकाली दल के अध्यक्ष थे। 2017 में अकाली दल पंजाब की सत्ता से बाहर हुई और उसके बाद से वह लगातार संघर्ष कर रही है।

अध्यक्ष बनने के बाद माना जा रहा है कि सुखबीर सिंह बादल अब नए नेताओं को मौका देंगे और संगठन को मजबूत करेंगे। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सुखबीर सिंह बादल की पूरी कोशिश होगी कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करके काम करें।