Punjab Flood: पंजाब मंत्रिमंडल ने सोमवार को राज्य में बाढ़ से फसल को हुए नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देने का फैसला किया। मंत्रिमंडल ने ‘जिसदा खेत, उसकी रेत’ नामक एक योजना को भी मंजूरी दी, जिसके तहत किसानों को बाढ़ के बाद अपने खेतों में जमा रेत निकालने और बेचने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में ये निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली के एक अस्पताल से मंत्रिमंडल बैठक की अध्यक्षता की थी। वहां उन्हें थकावट और नब्ज धीमी चलने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। बैठक के बाद एक वीडियो संदेश में, मान ने कहा, ‘‘हम किसानों को अपने खेतों से रेत निकालने की अनुमति दे रहे हैं। अगर आप रेत बेचना चाहते हैं या अपने लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आप ऐसा कर सकते हैं।’’

आज की बड़ी खबरें

राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा अधिकतम मुआवजा

बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसानों ने अपने खेतों में बाढ़ के पानी के साथ आई रेत के जमा होने पर चिंता व्यक्त की थी। मान ने कहा कि जहां तक बाढ़ से फसल को हुए नुकसान का सवाल है, राज्य सरकार प्रभावित किसानों को 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देगी। उन्होंने दावा किया, ‘‘अब तक यह देश में किसी भी राज्य द्वारा दिया जाने वाला अधिकतम मुआवजा है।’’

EXCLUSIVE: ‘हम हार नहीं मान सकते’, पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मदद के लिए आगे आईं महिलाएं

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘‘मुआवजे के चेक आपको (किसानों को) सौंप दिए जाएंगे।’’ अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ में 1.76 लाख हेक्टेयर जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। मान ने यह भी कहा कि बाढ़ में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले परिवारों को चार लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए घरों का सर्वेक्षण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: अजनाला, अमृतसर में बाढ़ से तबाह फसलें, देखिए खास ग्राउंड रिपोर्ट

नहीं देनी होगी 6 महीने तक कोई किस्त

मुंख्यमत्री के अनुसार, सहकारी समितियों और राज्य कृषि बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों के लिए कर्ज चुकाने की समयसीमा छह महीने बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने तक कोई किस्त नहीं देनी होगी और उस पर कोई ब्याज भी नहीं जोड़ा जाएगा। मान ने यह भी कहा कि राज्य सरकार मवेशियों, बकरियों और मुर्गी पालन के नुकसान के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आप सरकार संकट की इस घड़ी में पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है।

पंजाब में बाढ़: सरकार ने लोगों तक राहत सामग्री भेजने के लिए उतारे ड्रोन

मनीष सिसोदिया ने की सरकार की तारीफ

वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने राहत प्रदान करने के फैसले की तारीफ की। उन्होंने एक्स पर कहा कि पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री भगवंत मान जी आज फिर पंजाबियों के सच्चे हमदर्द बनकर सामने आए हैं।अस्पताल में रहते हुए भी उनके दिल में सिर्फ़ एक ही चिंता रही कि पंजाब में आई बाढ़ से उपजे हालातों में अपने लोगों का दुख कैसे कम किया जाए।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि सोमवार को भगवंत मान ने जो ऐतिहासिक फ़ैसले बाढ़ पीड़ितों के लिए लिए हैं, वैसा देश के इतिहास में शायद ही किसी सरकार ने किया हो। मक़सद एक ही है- हर घर, हर किसान, हर मज़दूर को राहत पहुंचे। ये है पंजाब के बेटे का अपने परिवार के लिए अटूट प्यार और सेवा का भाव। वाहेगुरु की कृपा से पंजाब इस कठिन घड़ी से और मज़बूत होकर निकलेगा।