पंजाब के पूर्व IPS अधिकारी अमर सिंह चहल ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की है। वे पटियाला स्थित अपने घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्होंने खुद को गोली मार ली, फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें ऑनलाइन फ्रॉड से हुई भारी आर्थिक हानि और परेशानी का जिक्र है। घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अमर सिंह चहल आईजी की पोस्ट से रिटायर हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें- ‘तू बांग्लादेशी है क्या’, सवाल पूछते ही रामनारायण बघेल को भीड़ ने मार डाला
पटियाला एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चहल को तुरंत अस्पताल लाया गया। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
अमर सिंह चहल 2015 के फरीदकोट गोलीकांड मामले में आरोपी थे। पंजाब पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 2023 में इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल सहित कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें चहल का नाम भी शामिल था।
यह भी पढ़ें- ‘बीजेपी के ऑर्डर पर काम कर रहा चुनाव आयोग’, ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के इन नेताओं को भी दी चेतावनी
