पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदारों के घर हुई ईडी की रेड की वजह से सियासत गरमा गई है। सीएम चन्नी ने जहां रेड को लेकर भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह के ऊपर आरोप लगाया तो वहीं अमरिंदर सिंह ने भी पलटवार करते हुए कहा कि ईडी मुझे रिपोर्ट नहीं करती है। इसी बीच पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने रेड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सवारी अपने सामान की खुद जिम्मेदार है।

समाचार चैनल न्यूज 18 इंडिया से बात करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने एंकर के सवाल के जवाब में कहा कि बस में लिखा रहता है कि सवारी अपने सामान की खुद जिम्मेदार है। सिद्धू ने अपने आप को साफ़ रखा है। इसपर एंकर किशोर ने उनसे सवाल पूछते हुए कहा कि क्या चन्नी साहब अपने लिए खुद जिम्मेदार हैं। 

इसके जवाब में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि सीएम चन्नी के ऊपर जो ईडी की रेड एक महीना पहले लग गई। 2018 में मुकदमा हुआ। 2018 से 2022 हो गया। कुम्भकर्ण भी छह महीने में खड़ा हो जाता है। ये तीन साल से सो रहे थे। आखिर क्या मंसूबा है। ये क्या षड्यंत्र है। आगे एंकर ने जब पूछा कि करोड़ो निकल रहे हैं तो उन्होंने कहा कि उसकी पुष्टि देंगे। लेकिन मैं इतना कहता हूं कि एक महीना पहले ही ये सब क्यों हो रहा है।

बता दें कि ईडी ने मुख्यमंत्री चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी और संदीप सिंह के घरों पर दो दिन तक रेड की। ईडी ने हनी और संदीप के करीबी एक सरपंच के घर भी रेड की थी। इस रेड में पंजाब पुलिस की जगह केंद्रीय सुरक्षा बलों का सहायता ली गई थी। ईडी के अधिकारियों ने इस रेड में 12 लाख रुपये की रोलेक्स घड़ी, 10 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, सोना और संपत्ति के कई दस्तावेज जब्त किए। 

बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में जब रेत खनन का मुद्दा उठा तो साल 2018 में रेत खनन को लेकर मोहाली में मामला दर्ज किया गया था। सरकार ने यह मामला ठेकेदार कुदरत दीप सिंह के खिलाफ दर्ज करवाया था। जब इस मामले की जांच चली तो छानबीन में 24 लोगों के नाम सामने आए थे जिनके ऊपर अवैध तरीके से रेत खनन करके करोड़ों रुपए कमाने का आरोप लगा था। इसी मामले को लेकर ईडी ने मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों के यहां छापा किया। ईडी के छापे के बाद सीएम चन्नी ने कहा कि मुझे पता चला है कि ईडी ने कहा है कि पीएम मोदी का फिरोजपुर दौरा मत भूलना, यह छापेमारी बदले को दर्शाता है।