IAS officer Pooja Khedkar Case: आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर लगातार चर्चाओं में बनी हुई हैं। पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने पुणे में आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के घर के बाहर कारण बताओ नोटिस चिपकाया है। ये नोटिस पूजा की मां मनोरमा खेडकर के लिए है। इस नोटिस में मनोरमा खेडकर से पूछा गया है कि क्यों न उनका बंदूक लाइसेंस रद्द कर दिया जाना चाहिए।
मनोरमा खेडकर का एक किसान पर बंदूक तानने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में मनोरमा कुछ बाउंसरों के साथ दिखाई दे रही हैं और उनके हाथ में बंदूक भी है। वह किसान विवादित जमीन पर कब्जा करने को लेकर आपत्ति जता रहा है। यह पूरी घटना कथित तौर पर पिछले साल 5 जून की बताई जा रही है और पुणे जिले की मुलशी तहसील के धडावली गांव में हुई थी।
पुलिस ने कई धाराओं में केस किया दर्ज
इस वीडियो में नजर आ रहे किसान पंढरीनाथ पासलकर ने शुक्रवार को पुणे के पौड पुलिस स्टेशन में मनोरमा, उनके पति दिलीप खेडकर और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईर दर्ज कराई है। दोनों बाणेर में नेशनल हाउसिंग सोसायटी के रहने वाले हैं। पुलिस ने मनोरमा और अन्य आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 143, 144, 147, 148 और 149 के तहत मामला दर्ज किया है।
मनोरमा को कारण बताओ नोटिस
मनोरमा के खिलाफ दर्ज इस एफआईआर की वजह से पुणे सिटी पुलिस कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि मनोरमा ने कथित तौर पर बंदूक लाइसेंस से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया है। उनकी इस तरह के कामों से आम लोगों की जान को खतरा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए वह बंदूक लाइसेंस रखने के लिए सही नहीं है।
10 दिन के अंदर मांगा जवाब
पुलिस कमिश्नर ने यह यह भी कहा कि मनोरमा को 10 दिन के अंदर कारण बताओं नोटिस का जवाब देने के लिए कहा है। अगर वह ऐसा नहीं करती हैं तो फिर बंदूक का लाइसेंस कैंसिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस बीच पौड़ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मनोज यादव ने शनिवार को बताया कि उन्होंने मौके का पंचनामा किया और इस मामले में गवाहों के बयान दर्ज किए। यादव ने कहा कि जांच जारी है और हम सबूत जुटा रहे हैं।
पूजा के पिता दिलीपराव खेडकर एक रिटायर्ड ऑफिसर हैं। उन्होंने साल 2024 का लोकसभा इलेक्शन लड़ा था। उन्होंने जो चुनावी हफलनामा दिया था तो उसमें उन्होंने बताया था कि उनके परिवार के पास गांव में काफी जमीन है। दिलीप के पास 1.21 हेक्टेयर और उनकी पत्नी मनोरमा के पास धडवाली गांव में 4.115 हेक्टेयर जमीन है। पूजा ने सरकार को अलग से बताया है कि उनके पास धडवाली गांव में 4.74 हेक्टेयर जमीन है।