राष्ट्रीय जांच एजेंसी National Investigation Agency (NIA) ने पुणे ISIS मॉड्यूल मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों पुणे के कोंढवा इलाके के रहने वाले हैं और इनके नाम अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ दइपरवाला और तल्हा लियाकत खान हैं। ये दोनों ही NIA की वांटेड लिस्ट में थे।
इनके खिलाफ मुंबई की NIA स्पेशल कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था और दोनों पिछले 2 साल से फरार थे। NIA ने इनके बारे में जानकारी देने वाले के लिए सितंबर 2023 में 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। NIA अदालत से इनकी हिरासत हासिल करने के बाद इनके ठिकानों और इन्हें वित्तीय मदद देने वालों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
NIA ने शनिवार को बयान जारी कर बताया है कि इन्हें शुक्रवार को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर उस वक्त पकड़ा गया, जब ये इंडोनेशिया के जकार्ता से भारत वापस आने की कोशिश कर रहे थे। NIA ने बताया कि ये दोनों जकार्ता में छिपे हुए थे।
कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सख्त एक्शन जारी, श्रीनगर समेत 10 लोकेशंस पर ताबड़तोड़ छापेमारी
क्या हैं आरोप?
NIA ने बताया है कि इन दोनों ने 2022 और 2023 के दौरान IED का परीक्षण करने के साथ ही बम बनाने और इसकी ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित की थी। इन दोनों पर पुणे और अन्य जगहों के जंगलों में बम का परीक्षण करने का भी आरोप है। पुलिस ने बताया है कि इनके पास से विस्फोटक सामग्री, टेंट, ड्रोन और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
इस मामले में NIA ने पहले भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके नाम मोहम्मद इमरान खान, मोहम्मद यूनुस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाब नसीरुद्दीन काजी, जुल्फिकार अली बड़ौदावाला, शमील नाचन, आकिफ नाचन और शाहनवाज आलम हैं।
NIA ने कहा है कि आरोपियों ने आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी और इनका मकसद देश में ISIS के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए हिंसा और आतंक के जरिए इस्लामिक शासन स्थापित करने और साम्प्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ते हुए देश के खिलाफ युद्ध छेड़ना था।
इस मामले में सबसे पहले जुलाई 2023 में कोथरूड पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। अगस्त 2023 में इस मामले की जांच NIA को सौंप दी गई थी और एजेंसी ने इसे पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल 2023 नाम दिया था।
अक्टूबर, 2023 में दिल्ली पुलिस ने आलम नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मुख्य आरोपी शमील नाचन और उसके पिता साकिब नाचन को ठाणे ग्रामीण के पडघा इलाके से ISIS से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।