पिछले दो महीने से भी अधिक समय से देशभर से आये किसान दिल्ली से सटे सभी सीमाओं पर धरना दे रहे हैं। इसी बीच टिकरी बॉर्डर पर आंदोलनकारी किसानों ने दिल्ली पुलिस के एक जवान की पिटाई कर दी। दिल्ली पुलिस का एक जवान टिकरी बॉर्डर पर खोए किसान का पोस्टर चिपकाने गया था। इस दौरान पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें भी आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाहरी दिल्ली के नांगलोई थाना में तैनात जितेंद्र राणा शुक्रवार को टिकरी बॉर्डर गया था। जितेंद्र 26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड के दौरान खोए किसानों के पोस्टर को चिपकाने के लिए टेंट की तरफ गया था। इसी दौरान कई लोगों को पुलिसकर्मी पर शक होने लगा। जिसके बाद कुछ लोगों ने जितेंद्र को पकड़ लिया और उससे पूछताछ करना शुरू कर दिया। हालाँकि इस दौरान जब किसानों का शक और बढ़ने लगा तो कई लोगों ने मिलकर जितेंद्र की पिटाई कर दी।
पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है और इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे की है। पुलिसकर्मी इस दौरान सिविल ड्रेस में ही था जिससे लोगों का शक और गहरा होता चला गया। लोगों को लगा कि कोई बाहरी व्यक्ति किसान आंदोलन में व्यवधान उत्पन्न करने आया है।
आपको बता दूँ कि 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा हो गयी थी। इस दौरान दिल्ली पुलिस और किसानों के बीच हिंसक झडपें भी हुई थी और दोनों तरफ के लोग घायल भी हुए थे। दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी को हुई हिंसा के मामले में 140 से ज्यादा लोगों को जेल में बंद किया हुआ है। अभी हाल ही में लालकिला हिंसा के मामले पंजाबी फिल्मों के अभिनेता दीप सिद्धू को भी गिरफ्तार किया गया था।