सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सोनिया गांधी ही आगामी लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ेंगी। उन्होंने मां की जगह खुद के चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी मां कांग्रेस अध्यक्ष पद से रिटायर हुई हैं, राजनीति से नहीं। एनडीटीवी से बात करते हुए प्रियंका ने कहा, “रायबरेली से मेरा चुनाव लड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता, वहां से मेरी मां ही फिर से चुनाव लड़ेंगी।” प्रियंका उन अटकलों पर जवाब दे रही थीं जिसमें कहा जा रहा था कि साल 2019 के आम चुनावों में वो रायबरेली सीट से चुनाव लड़कर राजनीति में प्रवेश करेंगी। बता दें कि साल 2004 से सोनिया गांधी ही इस संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।

प्रियंका ने कहा, “जैसा कि हमने देखा है, मेरी मां बहुत साहसी महिला हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी उनकी बातों से सहमत हैं। सोनिया गांधी ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं से कहा था कि अब उनके रिटायर होने का वक्त आ गया है। इसके बाद से राजनीतिक जगत में सवाल उठने लगे थे कि क्या सोनिया गांधी संसदीय जीवन से भी रिटायर हो जाएंगी।

दो बच्चों की मां प्रियंका गांधी वाड्रा पिछले कुछ चुनावों में रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में न सिर्फ सघन चुनाव प्रचार करती रही हैं बल्कि वहां हर तरह के कार्यों को देखती रही हैं। चूंकि सोनिया गांधी की तबीयत पिछले कुछ सालों से अच्छी नहीं है, इसलिए क्षेत्र में प्रियंका गांधी ही सबकुछ देखती हैं। सोनिया अमूमन क्षेत्र का दौरा नहीं कर पा रही हैं। हालिया विधान सभा चुनावों में भी सोनिया गांधी ने अपने को चुनाव प्रचार से दूर ही रखा। कहा जा रहा है कि उनकी तबीयत ज्यादा खराब है।

PHOTOS: सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्‍यक्ष बनाया तो भावुक हुए राहुल गांधी, चूम लिया मां का माथा

Rahul Gandhi INC, Rahul Gandhi Coronation Photos, Rahul Gandhi elevation photos, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्‍यक्ष, सोनिया गांधी, Rahul Gandhi emotional photos
राहुल गांधी ने शनिवार (16 दिसंबर, 2017) को आधिकारिक रूप से भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस का अध्‍यक्ष पद संभाल लिया। पार्टी मुख्यालय पर हुए एक समारोह में राहुल ने अपने निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे और जश्न का माहौल था। मां के हाथों पदभार संभालने के बाद राहुल भावुक हो गए और उन्‍होंने अपनी मां का माथा चूम लिया। यह तस्‍वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। (Photo: Twitter/PTI)

बता दें कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की आधिकारिक तौर पर कमान संभाल ली है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में शनिवार को राहुल पार्टी के नए अध्यक्ष बन गए। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी मां सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बहन प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता मौजूद थे। राहुल गांधी को सर्टिफिकेट देकर आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष घोषित किया गया। पद संभालने के बाद कार्यकर्ताओं को दिए भाषण में राहुल गांधी ने पहला निशाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर साधा। राहुल ने कहा कि कांग्रेस भारत को 21वीं सदी में लेकर आई और पीएम नरेंद्र मोदी हमें मध्यकाल में ले जा रहे हैं।