कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी के साथ सोमवार को अजीबो-गरीब वाकया हुआ, जिसकी वजह से उन्‍हें फ्लाइट छोड़नी पड़ी। हुआ यूं कि प्रियंका गांधी को दिल्ली से चेन्नई के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। प्रियंका गांधी की वजह से एयरपोर्ट पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम थे। इसी बात से एक पैसेंजर चिढ़ गया और उसने कहा- ‘मेरे पास बम है।’ इतना कहते ही पैसेंजर को हिरासत में ले लिया गया और प्रियंका गांधी को उस फ्लाइट में जाने से रोक दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, प्रियंका गांधी को सोमवार सुबह जेट एयरवेज की फ्लाइट नंबर 9W-821 पकड़नी थी। इसी फ्लाइट से एक और पैसेंजर जाने वाला था। सिक्युरिटी चेक के दौरान मेटल डिटेक्टर बीप करने लगा। चेक करने पर पता लगा कि पैसेंजर के पास कई सिक्के हैं। सिक्के निकालने के बाद फिर चेक किया गया, लेकिन मेटल डिटेक्टर ने फिर बीप साउंड किया। इस बार उसे पेन निकालने को कहा गया। इस चेकिंग से वह बुरी तरह चिढ़ गया और चिल्‍लाने लगा- ‘मेरे पास बम है।’ इसी फ्लाइट में प्रियंका गांधी भी जाने वाली थीं, इसलिए एसपीजी, आईबी और सीआईएसएफ के लोगों ने उसे हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने थाने ले जाकर उससे कई घंटे पूछताछ की और उसकी आईडेंटिटी कन्फर्म की। एयरक्राफ्ट को फिर से चेक किया गया। इसके बाद प्लेन दो घंटे देर से टेक ऑफ कर सका। प्रियंका को दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया गया। हालांकि, पहले प्लेन को सिक्‍योरिटी क्लीयरेन्स मिल गया था। यह पैसेंजर लेदर एक्सपोर्टर था। पूछताछ में उसने माना कि लंबी चेकिंग की वजह से उसे गुस्सा आ गया था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रियंका को एसपीजी की सिक्‍योरिटी कवर मिला हुआ है, इसलिए कोई रिस्क नहीं लिया जा सकता था।