Priyanka Gandhi Admitted: सोमवार को कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा सूत्रों के हवाले से दी गई जानकारी के मुताबिक, डिहाइड्रेशन और पेट में इंफेक्शन की वजह से प्रियंका गांधी को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्हें इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
इससे पहले प्रियंका गांधी ने 16 फरवरी को ट्वीट कर बीमारी की वजह से अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा था, “मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुँचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में जुड़ूंगी। तब तक के लिए चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं।”
प्रियंका की तबीयत खराब या कुछ और वजह?
दरअसल यह सवाल हम नहीं बल्कि बीजेपी के नेता उठा रहे हैं। बीते दिनों जब प्रियंका गांधी ने अपने अस्वस्थ होने की जानकारी दी थी तब बीजेपी के नेता अमित मालवीय ने X पर एक पोस्ट कर कहा कि सबको अपने स्वास्थ्य का ख़्याल रखना चाहिए। जब यात्रा 2.0 शुरू हुई तब भी प्रियंका गांधी वहां से नदारद थीं, और आज जब राहुल की यात्रा उत्तर प्रदेश पहुंची है, तब भी प्रियंका वहां नहीं रहेंगी। पार्टी पर मिल्कियत के लिए भाई-बहन के बीच ना पटने वाली ये खाई अब सर्वविदित है।
यूपी में गरजे राहुल गांधी
सोमवार को राहुल गांधी अमेठी में थे। यहां उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के 73 प्रतिशत पिछड़े, दलित और आदिवासी लोगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी अथवा अर्द्धसरकारी नौकरियों में इन वर्गों को प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है और सरकार इन वर्गों का सिर्फ ध्यान भटका रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर कांग्रेस देश की इस दो-तिहाई आबादी के साथ हो रहे अन्याय को रोकने के लिये जातिवार जनगणना और संसाधनों की पैमाइश के रूप में दो क्रांतिकारी कदम उठायेगी।