CNG-PNG Price Hike: नेचुरल गैस की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) एक बार फिर महंगी हो गई है। IGL ने सीएनजी के दाम 3 रुपए प्रति किलो बढ़ा दिए हैं। वहीं, PNG के दाम में भी 3 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। बढ़े हुए रेट शनिवार (8 अक्टूबर 2022) से लागू हो जाएंगे।

दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत कई शहरों में शनिवार सुबह 6 बजे से सीएनजी की कीमतें बढ़ाई जाएंगी। इसी के साथ करनाल, कानपुर और मुजफ्फरनगर जैसे शहरों में भी कीमतें बढ़ेंगी। प्राकृतिक गैस के दामों में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सीएनजी के साथ-साथ पीएनजी की कीमतों में इजाफा कर दिया है।

गुरुग्राम में सीएनजी के दाम 86.94 रुपए: दीवाली से पहले आम आदमी को झटका देते हुए राजधानी दिल्ली में सीएनजी दाम 75.61 रुपए से बढ़ाकर 78.61 रुपए कर दिए गए हैं। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में दाम 78.17 रुपए से बढ़ाकर 81.17 रुपए कर दिए गए हैं। अन्य शहरों की की बात करें तो गुरुग्राम में सीएनजी के दाम 86.94 रुपए, करनाल में 87.27 रुपए, मुजफ्फरनगर में 85.84 और कानपुर में 89.81 रुपए हो गया है।

PNG के दाम में 3 रुपए की बढ़ोतरी: पीएनजी के दामों की बात करें तो दिल्ली में इसका दाम 53.59 प्रति स्‍टैंडर्ड क्‍यूबिक मीटर (SCM) हो गया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में PNG के रेट 53.46 हो गया है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर, शामली और मेरठ में दाम 56.97 प्रति स्‍टैंडर्ड क्‍यूबिक मीटर पहुंच गया है। वहीं कानपुर, फतेहपुर और हमीरपुर में ये दाम 56.10 कर दिए गए हैं।

मुंबई में हाल ही में हुई थी वृद्धि: हाल ही में माहाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सीएनजी और पीएनजी दोनों के दाम बढ़ाए गए थे। सिटी गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी के दाम 6 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए थे। इसके साथ ही पाइप के जरिये आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस पीएनजी (Piped Natural Gas) की कीमतों में चार रुपए प्रति यूनिट का इजाफा किया गया था।

सीएनजी-पीएनजी के दाम बढ़ने का असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ेगा। टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनियां ओला-उबर जहां अब ज्यादा चार्ज करेंगी, वहीं ऑटो से सफर भी महंगा हो जाएगा।