पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों की घोषणा इस साल 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुई थी। इसमें कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक पुरस्कारों (पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री) को देने की घोषणा की गई थी। अब आज यानी सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुजुकी मोटर के पूर्व प्रमुख दिवंगत ओसामु सुजुकी, क्रिकेटर आर आश्विन, प्रसिद्ध गायक दिवंगत पंकज उधास और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत सुशील कुमार मोदी समेत 71 प्रमुख हस्तियों को सोमवार को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।

बचे हुए लोगों को दिए जाएंगे पुरस्कार

इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य बड़े नेता मौजूद थे। राष्ट्रपति भवन के भव्य दरबार हॉल में ये पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं बचे हुए लोगों को जल्द ही ये पुरस्कार दिए जाएंगे।

वरिष्ठ अभिनेता एवं निर्देशक शेखर कपूर, एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी. नागेश्वर रेड्डी, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण (जिन्हें बलैया के नाम से भी जाना जाता है) अन्य प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए।

Pahalgam: ‘मौका मिले तो बंदूक लेकर जाऊं और गोलियों से भून दूं…’, पहलगाम हमले पर बोलीं सीएम रेखा गुप्ता

चार नागरिकों को मिला पद्म विभूषण

पुरस्कार पाने वालों में चार नागरिकों को पद्म विभूषण मिला। इनमें सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) शामिल हैं। कुल 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इनमें पंकज उधास (मरणोपरांत), सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), बालकृष्ण कपूर, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश, तमिल अभिनेता एस. अजित कुमार, जाइडस लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन पंकज पटेल और भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम शामिल हैं। विनोद धाम को ‘पेंटियम के जनक’ के रूप में जाना जाता है।

दिवंगत गायक पंकज उधास को मरणोपरांत को पद्म भूषण पुरस्कार मिला है। इस मौके पर उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने पद्म भूषण पुरस्कार प्राप्त करने के बाद उन्हें याद करते हुए भावुक हुईं।