छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहन मरकाम को दी जा रही है। शुक्रवार को वो पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि मरकाम शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे। उधर, टेकाम के मुताबिक उनसे इस्तीफा मांगा गया है और उन्होंने प्रक्रिया का पालन किया है।

टेकाम ने बृहस्पतिवार को कहा- मंत्रिमंडल में किसी को रखना और किसी को नहीं रखना यह मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार पर निर्भर करता है। मुझे कहा गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का निर्देश है कि आपको इस्तीफा देना है। मैने प्रक्रिया का पालन किया है। उन्होंने कहा- संगठन और मंत्रिमंडल में फेरबदल चलता रहता है। यह संगठन और पार्टी की प्रक्रिया है। चुनाव में काम करना है। पार्टी का जो निर्देश होगा उसमें काम करना है।उनसे पूछा गया कि पार्टी इस बार उनकी टिकट भी काट सकती है, तब उन्होंने कहा कि किसे टिकट मिलेगा, किसका कटेगा यह अलग बात है लेकिन पार्टी हित में काम करना है।

बघेल बोले- मोहन मरकाम को मिलेगी टेकाम की जगह

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है प्रेमसाय सिंह टेकाम का इस्तीफा स्वीकृत किया गया है। मोहन मरकाम जी कल शपथ लेंगे। राजभवन को पत्र भेज दिया गया है। जैसे ही वहां से समय निर्धारित होगा उसके हिसाब से शपथ ग्रहण होगा।

1980 में पहली बार मप्र असेंबली के लिए निर्वाचित हुए थे टेकाम

69 साल के टेकाम प्रदेश के वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। वो राज्य के सरगुजा इलाके की प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। टेकाम 1980 में पहली बार अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। 2018 में छठी बार विधानसभा के लिए चुने गए। बुधवार को मोहन मरकाम की जगह सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आज टेकाम ने इस्तीफा दे दिया।

उधर मरकाम (56) बस्तर क्षेत्र के कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 2013 में पहली बार तथा 2018 में दूसरी बार छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे । राज्य में 2018 में कांग्रेस की सरकार का गठन होने के बाद 2019 में मरकाम को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।