PM Narendra Modi, Citizenship Act, CAB Protest: झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दुमका पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने नागरिकता कानून (Citizenship Act) को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं, उनकी बात चलती नहीं है तो आगजनी फैला रहे हैं। पीएम ने हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर कहा, “ये जो आग लगा रहे हैं, ये कौन है उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है।”
इशारों में हिंसक प्रदर्शन पर कही ये बात: पीएम मोदी ने कहा, “मैं असम के भाइयों-बहनों का सिर झुकाकर अभिनंदन करता हूं कि इन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं। देश का मान-सम्मान बढ़े ऐसा व्यवहार असम, नार्थ ईस्ट कर रहा है।” पीएम ने आगे कहा, “कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं, उनकी बात चलती नहीं है तो आगजनी फैला रहे हैं। ये जो आग लगा रहे हैं, ये कौन है उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है।”
क्या बोले पीएम मोदी: झारखंड चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा, “पहली बार जो काम पाकिस्तान हमेशा करता है था वो कांग्रेस वालों ने किया। इससे ज्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है? क्या दुनिया के देशों में भारत की ही एम्बेसी के सामने, कभी कोई भारत का व्यक्ति प्रदर्शन करता है क्या?
झारखंड में जीत का दावा: पीएम चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा कि जिस झारखंड को JMM और कांग्रेस ने पिछड़ेपन का प्रतीक बनाया। उसी झारखंड को हम बदलते भारत की नई पहचान से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। बीते 5 वर्षों में देश की सबसे बड़ी और करोड़ों लोगों का जीवन बदलने वाली योजनाओं की शुरुआत यहीं से हुई है। उन्होंने आगे कहा कि JMM लंबे समय से कांग्रेस की सहयोगी रही है। दिल्ली में भी, बिहार में भी और फिर झारखंड में भी सरकारों में हिस्सा रही है। इतने वर्षों में इन्होंने झारखंड की पहचान के साथ पिछड़ा शब्द जोड़ दिया।