संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधन दिया गया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर जवाब दिया। उनकी तरफ से कई मुद्दों पर विस्तार से बात रखी गई। यहां जानिए पीएम मोदी के संबोधन की हर बड़ी बात-

  1. पीएम मोदी ने कहा कि मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं। उनके भाषण के एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक वहां(विपक्ष में) रहने का संकल्प ले लिया है…आपलोग जिस तरह इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं जनता जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी और आप जिस ऊंचाई पर है उससे भी अधिक ऊंचाई पर पहुंचेंगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि संसद के इस नए भवन में जब राष्ट्रपति हमें संबोधित करने आई और जिस गौरव और सम्मान के साथ सेंगोल और पूरे जुलूस का नेतृत्व किया, हम सब उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। नए सदन में ये नई परंपरा भारत के आजादी के उस पवित्र पल का प्रतिबिंब जब साक्षी बनता है तो लोकतंत्र की गरिमा कई गुना ऊपर चली जाती है।
  3. परिवारवाद पर भी पीएम मोदी ने जमकर निशाना साधा। उनकी तरफ से कहा गया कि वे विपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे…मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है।
  4. 10 साल पहले एक अंतरिम बजट आया था। उस समय के वित्त मंत्री ने कहा था कि देश दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। कितनी खुशी होती थी तब 11वें स्थान आने पर। आज जब पांचवे नंबर पर आ गए तो एक शब्द नहीं बोलना। कांग्रेस की सोच पर ही दया आती है। उनमें सपने देखने का सामर्थ्य भी नहीं है।
  5. पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जिस रफ्तार से देश में काम हो रहा है, कांग्रेस कभी उसकी कल्पना भी नहीं कर सकती। हमारी सरकार ने तो गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाए और शहरी गरीबों के लिए 80 लाख पक्के मकान बनाने का काम किया गया। कांग्रेस की रफ्तार से अगर घर बनते तो क्या हुआ होता, इसका हिसाब लगाया जाए तो 100 साल बाद ही इतना काम हो पाता।
  6. पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बहुत बड़ा अवसर मिला और 10 साल कम नहीं होते। लेकिन 10 साल में उस दायित्व को निभाने में भी वे पूरी तरह विफल रहे। जब वे खुद विफल हो गए तो विपक्ष में और भी होनहार लोग हैं उन्हें भी उभरने नहीं दिया..एक ही प्रोडक्ट बार-बार लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस की दुकान पर ताला लगाने की नौबत आ गई है।
  7. कांग्रेस की जो मानसिकता है, उससे देश को नुकसान हुआ है। इस पार्टी ने कभी भी देश के सामार्थ्य पर विश्वास नहीं किया, बस जनता को छोटा आकने का काम किया गया। नेहरू मानते थे कि भारतीय कम अक्ल वाले, वो यूरोप और जापान जैसे देशों को आगे रखते थे।
  8. पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि जिन उपलब्धियों का देश लंबे समय से इंतजार कर रहा था वे सारे काम हमने दूसरे कार्यकाल में पूरे होते देखे। हम सबने 370 खत्म होते देखा… नारी शक्ति वंदन अधिनियम दूसरे कार्यकाल में कानून बना। अंतरिक्ष से लेकर ओलम्पिक तक, सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज उठ रही है।
  9. पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि बीते 10 सालों में इफ्रास्ट्रक्चर पर 54 हजार लाख करोड़ तक खर्च किया गया है। भारत की युवा शक्ति को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। सेमी कंडक्टर की दिशा में भी भारत बड़े कदम बढ़ाने वाला है।
  10. पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार पर बड़ा हमला करते हुए दो टूक कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। विपक्ष जिस तरह से इसका महिमामंडन करता है, वो सही नहीं। उन्होंने दो टूक कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होती रहेगी, जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र हैं।